पेरिस ओलंपिक की निराशा के बाद लक्ष्य सेन ने दमदार वापसी करते हुए सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की। रविवार को खेले गए फाइनल मैच में 23 वर्षीय खिलाड़ी ने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 31 मिनट तक चले मुकाबले में 21-6, 21-7 से हराया। यह पहला मौका है जब लक्ष्य ने इस खिताब पर कब्जा जमाया है।
लक्ष्य का कोई जवाब नहीं
शुरुआती मुकाबलों की तरह पुरुष एकल में लक्ष्य सेन ने फाइनल में भी अपना दबदबा कायम करते हुए पहली बार सैयद मोदी बैडमिंटन का खिताब अपने नाम किया। लक्ष्य ने अपने दमदार प्रदर्शन से मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। दूसरी ओर सिंगापुर के चौथी वरीय खिलाड़ी जिया हेंग जेसन तेह कहीं से भी रंग में नहीं दिखे। लक्ष्य ने मुकाबला 21-7, 21-7 से हराते हुए पुरुष एकल खिताब पर कब्जा जमाया।
कांस्य पदक मैच में मिली थी हार
इससे पहले लक्ष्य सेन पेरिस ओलंपिक में खेलते दिखे थे। कांस्य पदक के मुकाबले में उन्हें मलयेशिया के ली जी जिया ने 13-21, 21-16, 21-11 से हराया था। लक्ष्य इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज करवाने से चूक गए थे।