लंदन ओलंपिक के रजत विजेता पहलवान सुशील कुमार और कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स स्थित केडी जाधव कुश्ती स्टेडियम में 18 से 22 अप्रैल तक होने वाली सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भाग लेने की उम्मीद है।
इस प्रतियोगिता में लगभग 23 देशों के पहलवानों के हिस्सा लेने की उम्मीद है और अभी तक जापान, दक्षिण और उत्तर कोरिया, उज्बेकिस्तान, ईरान, कजाखिस्तान और मंगोलिया सहित 17 देशों की प्रविष्टि प्राप्त हो चुकी है। महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि सुशील और योगेश्वर को कुछ चोट है। लेकिन उन्होंने अभी तक भागीदारी से इंकार नहीं किया है। सुशील ने हाल ही में कहा था कि वह अपने कंधे की चोट से उबर चुके हैं और एशियाई चैंपियनशिप के लिए अपनी तैयारी कर रहे हैं।