टीम इंडिया के हरफनमौला क्रिकेटर सुरेश रैना और टीम के वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की यारी जगजाहिर है। दोनों मैदान के अंदर और बाहर आपस में हंसी-मजाक करते ही रहते हैं। लेकिन इस बार मामला कुछ और ही है।
फिलहाल क्रिकेट के बिजी शेड्यूल से अल्पविराम लेकर रैना ऑफ द फील्ड सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने आने वाली बॉलीवुड फिल्म 'मेरठिया गैंगस्टर' में एक रोमांटिक गाना गया।
गाना तक कोई बात नहीं लेकिन जब आप सुनेंगे कि रैना ने टीम इंडिया के वनडे कप्तान और अपने पक्के दोस्त महेंद्र सिंह धोनी का मजाक बनाया तो चौंक जाएंगे। एक टीवी शो में जब महेंद्र सिंह धोनी को लेकर उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने उनका मजाक ही बना दिया।
इस तरह बनाया रैना ने धोनी का मजाक
टीम इंडिया में बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना बीते रविवार को मशहूर अभिनेता अनुपम खेर के चर्चित टीवी शो में बतौर गेस्ट पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में उन्होंने अनुपम के हर सवाल का जवाब दिया।
सवालों के बीच में अनुपम ने रैना से महेंद्र सिंह धोनी के बारे में पूछा। रैना ने कहा धोनी ''कॉमेडी ऑफ टीम इंडिया'' हैं। रैना यहीं नहीं रुके। आगे जानिए रैना ने क्यों कहा धोनी को कॉमेडी ऑफ टीम इंडिया.....
रैना ने बताया धवन को 'डाकू' बोलते हैं धोनी
अनुपम खेर के टीवी शो में बातचीत के दौरान सुरेश रैना ने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी कॉमेडी ऑफ टीम इंडिया हैं क्योंकि वह ड्रेसिंग रुम में ऐसी-ऐसी बातें बोल देतें है कि हंसते-हंसते पेट दर्द हो जाता है।
रैना ने बताया कि मैदान के अंदर धोनी बेहद शांत और गंभीर दिखाई देते हैं। लेकिन ड्रेसिंग रुम में पहुंचते ही धोनी कभी भी ऐसी बात बोल सकते हैं कि टीम बिना हंसे नहीं रह सकती।
रैना ने आगे कहा कि जब धवन बल्लेबाजी करने उतरते हैं और धोनी उन्हें अक्सर 'डाकू' (मूंछों की वजह से) कहते हैं।
हालांकि रैना ने धोनी की तारीफ भी की और कहा कि जब 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे में धोनी की बेटी पैदा हुई थी तो सभी ने उनसे कहा कि आपको वापस लौटना चाहिए। इस पर धोनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि पहले देश, फिर परिवार।