देश की राजधानी में सोमवार की शाम हुए धमाके ने पूरे देश में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुए विस्फोट में 10 लोगों को मौत हो गई जबकि 47 लोग घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने घटना में जान गंवाने वालों के लिए शोक व्यक्त किया और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की।
पलक झपकते कार और उसके पास खड़ी गाड़ियां बनी आग का गोला
विस्फोट के बाद चश्मदीदों का कहना है कि धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घर हिल गए और नजदीकी दुकानों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं। मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। हम कुछ समझ पाते उससे पहले ही वह कार और उसके पास खड़ी गाड़ियां आग के गोले में तब्दील हो गईं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू हुआ।