कनाडा ओपन सुपर-300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती दूसरे दौर में ही समाप्त हो गई। वहीं दूसरी ओर, क्रोएशिया में चल रहे ग्रैंड चेस टूर के जाग्रेब चरण में विश्व चैंपियन डी गुकेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त दूसरे स्थान पर जगह बना ली है।
कनाडा ओपन: तान्या और आकांक्षी दूसरे दौर में बाहर
मार्खम (कनाडा) में खेले जा रहे कनाडा ओपन सुपर-300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की उम्मीदें दूसरे दौर में खत्म हो गईं। महिला एकल के दूसरे दौर में तान्या हेमनाथ को जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त रिको गुंजी ने महज 31 मिनट में 21-11, 21-11 से हराया। वहीं, आकांक्षी कश्यप ने अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त बेइवेन झांग को कड़ी टक्कर दी, लेकिन एक घंटे सात मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 17-21, 17-21 से हार गईं। पहले दौर में तान्या ने अमेरिका की दिशा गुप्ता को 21-16, 21-18 से जबकि आकांक्षी ने फ्रांस की अन्ना तात्रानोवा को 21-14, 21-12 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया था। दोनों खिलाड़ियों की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का अभियान समाप्त हो गया।
ग्रैंड चेस टूर: गुकेश संयुक्त दूसरे स्थान पर
जाग्रेब (क्रोएशिया) में आयोजित ग्रैंड चेस टूर के दूसरे दिन विश्व चैंपियन डी गुकेश ने नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनिश गिरी को हराकर संयुक्त दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया। छह रैपिड राउंड के बाद ईरान में जन्मे फ्रांस का प्रतिनिधित्व कर रहे ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरूजा 10 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। गुकेश सात अंकों के साथ जर्मनी के विन्सेंट कीमर, फ्रांस के मैक्सिम वाशिए-लाग्रेव और रोमानिया के डिएक बोगदान-डेनियल के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।
गुकेश ने दिन के अंतिम मुकाबले में रूय लोपेज़ एक्सचेंज वैरिएशन में गिरी पर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि दिन की शुरुआत में उन्हें बोगदान-डेनियल के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उन्होंने जॉर्डन वान फॉरेस्ट और गिरी को हराकर जोरदार वापसी की। दूसरी ओर, भारत के आर प्रज्ञानानंदा ने पहले मुकाबले में फॉरेस्ट को हराया, लेकिन बाद में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और फिरूज़ा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। फिलहाल वह छह अंकों के साथ संयुक्त छठे स्थान पर हैं। रैपिड के तीन दौर अभी बाकी हैं, जिसके बाद ब्लिट्ज के 18 मुकाबले खेले जाएंगे और उन्हीं के आधार पर टूर्नामेंट का अंतिम विजेता तय होगा।