भारत की शांभवी क्षीरसागर ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में शनिवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीता जबकि ओजस्वी ठाकुर को रजत पदक मिला। भारत अब दो स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य के साथ शीर्ष पर है। शांभवी ने 24 शॉट के फाइनल में 253 स्कोर किया जबकि ओजस्वी उनसे 1.2 अंक पीछे रह गई। इटली की कार्लोटा सालाफिया को कांस्य पदक मिला।
पुरुष पर्ग में खेलो इंडिया युवा खेलों के चैम्पियन नारायण प्रणव को कांस्य पदक मिला जिन्होंने फाइनल में 227-9 स्कोर किया। वह अमेरिका के ब्रेडेन पीसेन (250) और चीन के हुआंग लिवांलिन (250.3) से पीछे रहे। इससे पहले क्वालीफाइंग दौर में उसने 632.1 स्कोर करके 77 खिलाड़ियों के बीच पहला स्थान हासिल किया था।
कुश पहले भारतीय बने
कुश मैनी ने मोनाको ग्रां प्री में फॉर्मूला 2 स्प्रिंट रेस जीत ली और यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले भारतीय बन गए। मैनी ने सत्र में पहली एफ2 रेस जीती और डैम्स लुकास आइल के साथ वह पहली बार पोडियम पर रहे। उन्होंने जीत के बाद कहा, 'मोनाको में जीत हासिल करने वाला पहला भारतीय । यह सपना सच होने जैसा है। मैं डैम्स और मुझे सहयोग देने वाले हर एक को धन्यवाद दूंगा।' अब मैनी रविवार को फीचर रेस में उतरेंगे और अगले सप्ताह के अंत में बार्सीलोना ग्रां प्री में नजर आएंगे।'