चिली में दो क्लब की टीमों के बीच मैच शुरू होने से पहले दो फैंस की मौत हो गई। स्थानीय अभियोजक ने बताया कि गुरुवार को मेजबान कोलो कोलो और ब्राजील के फोर्टालेजा के बीच सैंटियागो के एस्टाडियो मोनुमेंटल के पास कोपा लिबर्टाडोरेस मैच शुरू होने वाला था। इससे पहले दो प्रशंसकों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, फैंस के एक समूह ने स्टेडियम में जबरन घुसने का प्रयास किया और आयोजन स्थल की एक सुरक्षात्मक बाड़ को तोड़ दिया। पीड़ित कथित तौर पर उनके नीचे फंस गए थे।
बाद में 70वें मिनट में मैदान में फैंस अनियंत्रित हो गए और इस वजह से मैच को स्थगित कर दिया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह पहले हुई मौतों से संबंधित था या नहीं। तब स्कोर 0-0 पर था। रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय प्रशंसकों के एक समूह ने पिच पर वस्तुएं फेंककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। फोर्टालेजा के खिलाड़ी लॉकर रूम में छिपने के लिए भागे, जबकि कप्तान एस्टेबन पावेज और आर्टुरो विडाल के नेतृत्व में कोलो कोलो के खिलाड़ियों ने प्रशंसकों को शांत करने की कोशिश की।
उरुग्वे के गुस्तावो तेजेरा के नेतृत्व में रेफरी टीम ने खिलाड़ियों को सूचित किया और मैच रोक दिया गया है और सभी खिलाड़ी लॉकर रूम में चले गए। बाद में यह घोषणा की गई कि मैच आधिकारिक रूप से स्थगित कर दिया गया है। दक्षिण अमेरिका में फ़ुटबॉल की शासी संस्था ने कहा, 'कोलो कोलो और फोर्टालेजा के बीच मैच शुरू होने से पहले एस्टाडियो मोनुमेंटल के पास दो प्रशंसकों की मौत पर CONMEBOL को गहरा दुख है। हम उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।'