वीर अब्दुल हमीद बालक हॉकी प्रतियोगिता आज
हॉकी वाराणसी के तत्वावधान में आज वीर अब्दुल हमीद बालक हॉकी प्रतियोगिता परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेली जाएगी। अंडर-16 का हॉकी 5 से 11 मई तक खेली जाएगी। आयोजन सचिव इदरीश अहमद ने बताया कि इस प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा लेंगी।
नाॅक आउट आधार पर खेली जाने वाली प्रतियोगिता में दोनों पुल की शीर्ष दो दो टीमें सेमीफाइनल में खेलेंगी। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह सोमवार शाम के पांच बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।
बरेका गोल्फ क्लब को मिली तीसरी कार्ट
बरेका रेल इंजन कारखाना के गोल्फरों को रविवार को गोल्फ कार्ट मिली। गोल्फ क्लब के वरिष्ठ सदस्य गोल्फर अरुण सिंह ने ये कार्ट क्लब को भेंट की। बरेका के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने पारंपरिक विधि से पूजन-अर्चना कर गोल्फ कार्ट को क्लब को दिया।
इस उपयोगी पहल से खासतौर पर बुजुर्ग और वरिष्ठ खिलाड़ियों को मैदान में आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अरुण कुमार सिंह ने 2017 और 2023 में होल इन वन जैसी उपलब्धि अपने नाम की है। इस दौरान अनुज कटियार, बहादुर प्रसाद, एसके श्रीवास्तव, सुनील कुमार, शिशिर त्यागी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों ने फिट इंडिया वीक में चलाई साइकिल
फिट इंडिया वीक के तहत रविवार को साई सेंटर ने साइक्लोथॉन का आयोजन किया। यूपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों को रवाना किया। इसमें यूपी कॉलेज के शिक्षक और साई सेंटर के खिलाड़ियों ने तीन किलोमीटर दूरी तक साइकिल चलाकर स्वस्थ्य रहने का संदेश दिया।
साई सेंटर प्रभारी जेएस द्विवेदी ने बताया कि साइक्लोथॉन यूपी कॉलेज के मुख्य द्वार से शुरू होकर अर्दली बाजार, कचहरी होते हुए वापस यूपी कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें 90 शिक्षक और खिलाड़ी शामिल हुए।
कराटे के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय कराटे में काशी के खिलाड़ियों ने जीते 4 पदक
झारखंड की राजधानी में खेली गई अखिल भारतीय कराटे प्रतियोगिता में वाराणसी के चार खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण समेत चार पदक जीता है। कराटे कोच अखिलेश रावत ने बताया कि द्वितीय सिको काई अखिल भारतीय कराटे 3 और 4 मई को रांची के ठाकुर विश्वनाथ सहदेव इंडोर स्टेडियम में खेली गई। इसमें मौर्यांस टाईगर, अयांश और शौर्य सिंह ने स्वर्ण पदक जबकि वेदांश त्रिपाठी ने रजत पदक जीता।
विजेता को पुरस्कृत करते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
अन्विता और उदित बने शतरंज चैंपियन
काशी चेस अकादमी ने रविवार को पहला ब्रेन बूम शतरंज टूर्नामेंट सिगरा स्थित एक स्कूल परिसर में हुआ। ओपन कैटेगरी में पांच चक्रों की खेली गई सभी बाजी जीतकर पुरुष वर्ग में उदित गुप्ता और महिला वर्ग में अन्विता जालान ने खिताब जीता।
ऑर्बिटर आर्यन वर्मा ने बताया कि अंडर-17 कैटेगरी में श्रेष्ठ श्रीवास्तव चैंपियन रहे। अंडर-9 कैटेगरी में मनन पांडे, अंडर-11 कैटेगरी में आहान सिंह और अंडर-13 कैटेगरी में इशान राज चैंपियन रहे। निर्णायक की भूमिका रोहन गुप्ता, बादल राव, चंद्रकांत गुप्ता और टूर्नामेंट डायरेक्टर की भूमिका नीरा पाल ने निभाई।
हैंडबाॅल प्रतियोगिता की यूपी टीम में शामिल काशी के खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
काशी की 8 बेटियों ने यूपी को दिलाया पदक
39वीं सब जूनियर बालिका हैंडबॉल चैंपियनशिप कर्नाटक में खेली गई। 30 अप्रैल से चार मई तक खेली इस प्रतियोगिता में यूपी टीम में वाराणसी की आठ बालिकाओं ने हिस्सा लिया और टीम को कांस्य पदक दिलाने में कामयाब रहीं।
इस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इस टीम में वाराणसी के विकास इंटर काॅलेज की आठ छात्राएं शामिल थीं। सभी खिलाड़ी परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में डाॅ. आशा सिंह की देखरेख में हैंडबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं।
खिलाड़ियों के वाराणसी आने पर जिला हैंडबॉल संघ की तरफ से स्वागत किया जाएगा। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ एके सिंह, संयुक्त सचिव विभव सिंह, जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष अमित पांडेय और सचिव डाॅ. शम्स तबरेज शंपू ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
रोहित के 24 गेंद पर ताबड़तोड़ 72 रन की मदद से सीए एकादश 41 रन से जीता
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया वाराणसी शाखा की ओर से रविवार को लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे मिनी स्टेडियम क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें सीए एकादश के रोहित विश्वंभरी ने 24 गेंद पर दो चौकों और 10 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 72 रन बनाकर सीए एकादश ने बैंक ऑफ इंडिया वाराणसी एकादश को 41 रन से करारी शिकस्त दिलाई।
मैच का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीए एकादश की टीम ने कप्तान राजीव सिंह के नेतृत्व में 15 ओवरों खेलकर आठ विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए। इसमें रोहित विश्वंभरी 24 गेंद पर दो चौकों और 10 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 72 रन बनाये।
सीए एकादश के रंजीत पांडेय, मोहम्मद जैद और सीए तारिक अंसारी महत्वपूर्ण योगदान किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैंक ऑफ इंडिया वाराणसी एकादश की पूरी टीम 12 ओवर में 170 रन पर सिमट गई। यह मैच सीए एकादश की टीम ने 41 रन से जीत लिया। सीए एकादश के रंजीत पांडेय और राजीव सिंह ने 3-3 विकेट लिए। रोहित विश्वंभरी को मैन आफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि सीए शाखा के पूर्व अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।