15 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और आगामी जिला योगासन प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत, बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, परमानंदपुर में बुधवार को 15 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में 40 बालक-बालिकाएं प्रतिदिन दो घंटे डॉ. आशा सिंह की देखरेख में योग का गहन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। शिविर में प्रतिभागियों को 10 प्रमुख योगासनों का अभ्यास कराया जाएगा। इनमें ताड़ासन, वृक्षासन, शलभासन, भुजंगासन, अधोमुख श्वानासन और शवासन शामिल हैं।
एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स में दिखेगा नीलू का जोर
पांच से 9 मई तक चेन्नई में होने वाली एशियन मास्टर्स एथलेटिक्स में 53 साल की डाॅ. नीलू मिश्रा लंबी कूद और ऊंची कूद में भाग लेंगी। उनका चयन भारतीय मास्टर्स एथलेटिक्स टीम में हुआ है। नीलू 50 प्लस आयु वर्ग में पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगी। इसी साल मार्च में राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 50 प्लस आयु वर्ग में डॉ. नीलू ने लंबी कूद में रजत और ऊंची कूद में कांस्य पदक जीता था। इसी प्रदर्शन के आधार पर इनका चयन भारतीय टीम में हुआ है।
खिलाड़ियों के लिए लगा आधार शिविर
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए हॉकी वाराणसी की पहल पर डाक विभाग ने विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर में पांच दिवसीय विशेष आधार कार्ड शिविर लगाया। बुधवार से शुरू शिविर 25 मई तक चलेगा।
हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि शिविर का लाभ किसी भी खेल के बालक या बालिका उठा सकते हैं। खिलाड़ियों के अतिरिक्त, विद्यार्थी भी अपने आधार कार्ड बनवा सकते हैं या सुधार करवा सकते हैं। भारतीय डाक विभाग की ओर से शिविर में आधार कार्ड में संशोधन भी किया जाएगा। पहले दिन 100 खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने लाभ उठाया।
हरी बंधू इंटरनेशनल स्कूल में समर कैंप शुरू
हरी बंधू इंटरनेशनल स्कूल में एडवेंचर पैराडाइस समर कैंप का शुभारंभ बुधवार को हुआ। पांच दिवसीय इस समर कैंप का उद्घाटन स्कूल के चेयरमैन डॉ. एसएन यादव ने किया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखकर जीवन के विविध अनुभवों से जोड़ना है।
समर कैंप बच्चों को सीखने, सोचने और व्यक्तित्व निर्माण का खुला मंच देता है। विद्यालय की निदेशक शशिवाला यादव ने बताया कि समर कैंप में पेंटिंग, संगीत, नृत्य, योग, आउटडोर खेल, कहानी लेखन, व्यक्तित्व विकास सत्र और प्रकृति भ्रमण जैसी अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रधानाचार्या जया सिंह ने बताया कि यह समर कैंप बच्चों को अकादमिक पढ़ाई से अलग नवाचार प्रदान करेगा।
डॉ. शशिकांत सिंह महाविद्यालय में छात्रों को मिला टैबलेट
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत डॉ. शशिकांत सिंह पीजी कॉलेज वरियासनपुर में पीजी के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरियासनपुर के प्रधान रूप बव्बू यादव और मंगरू राजभर ने छात्रों को टैबलेट प्रदान किए।
डॉ. रितेश श्रीवास्तव और अनिल कुमार यादव ने कार्यक्रम का संयोजन किया। संचालन डॉ. अखिलेश सिंह यादव ने किया। इस मौके पर चिरईगांव के खंड विकास अधिकारी, पर्यवेक्षण नोडल अधिकारी दुर्गा प्रसाद प्रजापति आदि मौजूद रहे।
डालिम्स सनबीम में मेधावी छात्रों का हुआ अभिनंदन
डालिम्स सनबीम ग्रुप ऑफ स्कूल्स रोहनिया में आयोजित अचीवर्स सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डालिम्स सनबीम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाबा मधोक, निदेशक पूजा मधोक और अतिरिक्त निदेशक माहिर मधोक ने किया।
प्राचार्य गुरमीत कौर ने बताया कि कक्षा 12वीं का कुल पास प्रतिशत 99% रहा। विद्यालय की टॉपर यशस्वी राय (मानविकी संकाय) ने 99% अंकों के साथ न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि राज्य के शीर्ष 10 विद्यार्थियों में अपनी जगह बनाई। संस्था के अध्यक्ष ने छात्रों को निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के लिए प्रेरित किया।
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में अलंकरण समारोह समाप्त
संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर में बुधवार को अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को उनके नेतृत्व क्षमता, निष्ठा और अनुशासन के आधार पर चुना गया। सेक्रेटरी, हेड बॉय, हेड गर्ल, कैप्टन, वाइस कैप्टन, प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए छात्रों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर हुआ।
मुख्य अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह रहे। संस्था के सचिव राहुल सिंह और निदेशक डॉ. वंदना सिंह ने अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थी परिषद में काउंसिल सेक्रेटरी कनिष्का सिंह, हेड बॉय आलोक चतुर्वेदी, हेड गर्ल अदिति चौबे सहित अन्य सदस्य चुने गए। प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने पूरी काउंसिल को बधाई दी।