खेल मंत्रालय ने शनिवार को जापान में अगले महीने होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारत के 492 एथलीटों के दल को मंजूरी दे दी। मंजूर किए गए दल में 265 पुरुष और 227 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे बड़ा दल एथलेटिक्स का है, जिसमें कुल 73 खिलाड़ी हैं। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से चार अक्तूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा। हालांकि, मंत्रालय ने अभी भारतीय दल के साथ जाने वाले सपोर्ट स्टाफ की सूची जारी नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक, यह सूची एक सप्ताह के भीतर या उससे पहले जारी की जा सकती है।
सपोर्ट स्टाफ की सूची पर चल रहा काम
एक सूत्र ने बताया कि सपोर्ट स्टाफ की सूची को दोबारा तैयार किया जा रहा है, ताकि सभी खेलों की टीमों के लिए फिजियो और मेडिकल स्टाफ समेत पर्याप्त संख्या में स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ उपलब्ध रहें। सूत्र के मुताबिक, एथलीटों की सूची लगभग वही है, जिसकी सिफारिश भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने की थी। हालांकि, डोपिंग उल्लंघन के कारण कुछ खिलाड़ियों के नाम हटाए गए हैं। वहीं, कुछ और खिलाड़ियों को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) से मंजूरी मिलने के बाद सूची में शामिल किया जा सकता है।
एथलेटिक्स में 73 खिलाड़ी, नीरज चोपड़ा प्रमुख नाम
एथलेटिक्स टीम में 35 पुरुष और 38 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा इस टीम के प्रमुख आकर्षण होंगे। उनके अलावा लंबी कूद के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और 100 मीटर बाधा दौड़ की एथलीट ज्योति याराजी भी टीम में हैं।
शूटिंग टीम में मनु भाकर समेत 30 खिलाड़ी
शूटिंग टीम में कुल 30 खिलाड़ी हैं, जिसमें 15 पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर टीम की प्रमुख खिलाड़ी हैं। उनके अलावा सुरुचि सिंह, एलावेनिल वलारिवन और ईशा सिंह जैसे युवा निशानेबाज भी टीम का हिस्सा हैं।
वेटलिफ्टिंग टीम में सिर्फ पांच खिलाड़ी
वेटलिफ्टिंग टीम को डोपिंग उल्लंघन के कारण घटाकर पांच खिलाड़ियों का कर दिया गया है। इनमें ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू (49 किग्रा) और हालिया कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर सुर्खियों में आईं ज्ञानेश्वरी देवी (53 किग्रा) प्रमुख नाम हैं। ऋषिकांता सिंह (60 किग्रा) इस टीम में शामिल एकमात्र पुरुष खिलाड़ी हैं।
बैडमिंटन टीम में सिंधू, लक्ष्य और सात्विक-चिराग
भारत की बैडमिंटन टीम में 20 खिलाड़ी हैं। इसमें पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी जैसे स्थापित नाम शामिल हैं। महिला युगल में गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली, जबकि पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी टीम का हिस्सा हैं। ट्रीसा और गायत्री ने इसी सप्ताह विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है।
बॉक्सिंग में 11 खिलाड़ी
बॉक्सिंग टीम में 11 खिलाड़ी शामिल हैं। हालिया कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाले लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), नरेंद्र बरवाल (+90 किग्रा) और जादुमणि सिंह (55 किग्रा) टीम के प्रमुख नाम हैं।
क्रिकेट में पुरुष और महिला टीमों के 30 खिलाड़ी
भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों में कुल 30 खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं रोइंग में 22 खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एस्पोर्ट्स के लिए 15 खिलाड़ियों को मंजूरी मिली है और सभी पुरुष हैं।
रग्बी में सिर्फ महिला टीम, वॉलीबॉल में पुरुष टीम
रग्बी प्रतियोगिता में भारत केवल 13 सदस्यीय महिला टीम उतारेगा। वहीं वॉलीबॉल में सिर्फ 12 सदस्यीय पुरुष टीम भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। सेपकटकरा के लिए 21 खिलाड़ियों को मंजूरी मिली है। यह दक्षिण-पूर्व एशिया का लोकप्रिय खेल है, जिसमें वॉलीबॉल, फुटबॉल और जिम्नास्टिक के तत्व शामिल होते हैं।
कबड्डी में दोनों टीमें करेंगी खिताब बचाने की कोशिश
भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमें पूरी ताकत के साथ उतरेंगी। दोनों टीमों में 12-12 खिलाड़ी हैं। भारत की नजर पिछले एशियन गेम्स में जीते गए दोनों स्वर्ण पदकों को बरकरार रखने पर होगी।
टेनिस और कुश्ती में भी मजबूत दल
टेनिस टीम में सात खिलाड़ी हैं। सुमित नागल पुरुष एकल वर्ग में भारत के एकमात्र खिलाड़ी होंगे। कुश्ती में 16 पहलवानों को मंजूरी मिली है। इनमें विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल (53 किग्रा) और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत (57 किग्रा) प्रमुख नाम हैं।