जब आप यह खबर पढ़ रहे होंगे तब तक बीआईसी में हुई एफ-1 रेस का सारा साज-ओ-सामान यहां से रवाना हो चुका होगा। रविवार को आयोजित आईजीपी के तुरंत बाद से ही टीमों ने अपने सामान की पैकिंग शुरू कर दी। देर रात तक पैकिंग के बाद सोमवार को कस्टम क्लियरेंस से ओके मिलते ही सारा सामान शिपिंग और एयर कार्गो के जरिए आबूधाबी भेजने के लिए रवाना होगा।
आगामी 2 से 4 नवंबर तक आबूधाबी में 2012 एफ-1 रेस कैलेंडर की 18वीं रेस आयोजित होनी है। सोमवार शाम से लेकर मंगलवार सुबह तक एफ-1 रेस से जुड़ा तकरीबन सारा सामान कंटेनरों के जरिए एयरपोर्ट और सी-पोर्ट पर पहुंचा दिया जाएगा। सोमवार को कस्टम की टीम ने दौरा किया और क्लियरेंस दिया। जेपीएसआई के प्रवक्ता अस्करी जैदी ने बताया कि सभी टीमों और एफआईए के सदस्य इतने तेजतर्रार व प्रतिबंधित होते हैं कि वे काफी कम समय में पूरा सेटअप तैयार कर देते हैं और तैयार सेटअप को रेस के बाद पैक भी कर देते हैं। रविवार को रेस खत्म होने के बाद से देर रात तक सभी टीमों द्वारा अधिकांश पैकिंग कर ली गई। बाकी बची पैकिंग सोमवार सुबह तक हो गई।
24 घंटे में 90 फीसदी सामान पैक
एफ-1 का पूरा सामान जिसमें टीम की कार, टायर और सिस्टम समेत हर चीज शामिल होती है कंटेनर के जरिए एक देश से दूसरे देश पहुंचाए जाते हैं। यह टीम सदस्य हर सामान की ऐसी असेंबलिंग और डी-असेंबलिंग करते हैं कि उन्हें बनाने और वापस पैक करने में ज्यादा वक्त नहीं लगता। 24 घंटे के भीतर ही यह 90 फीसदी सामान की पैकिंग और अनपैकिंग कर सेटिंग कर देते हैं।
क्या होता है प्रमुख सामान
इसमें सर्किट के सुरक्षित समझे जाने वाले एफआईए के इलेक्ट्रॉनिक एक्सेस कार्ड गेट्स, स्कैनर्स, सर्विलांस सिस्टम, सिक्योरिटी सिस्टम, ब्रॉडकास्टिंग एंड नेटवर्किंग सिस्टम, कम्यूनिकेशन आदि शामिल होते हैं। जबकि एक एफ-1 टीम में कार के अलावा इसके स्पेयर पार्ट्स, टायर, फ्यूल, कंप्यूटर्स, सिक्योरिटी-सर्विलांस, टीम रेडियो, किचेन, क्लिनिंग, औजार, प्रचार और स्टैंड आदि सामान शामिल होता है।