अमेरिका के लॉस वेगास में आयोजित वर्ल्ड जूनियर मास्टर गोल्फ चैंपियनशिप में पानीपत के नौल्था गांव के शुभम जागलान ने खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
चैंपियनशिप में 160 देशों के गोल्फरों ने हिस्सा लिया। इस जीत के साथ ही शुभम अंडर-9 में दुनिया की नंबर वन रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
यह पहला अवसर है जब भारत के किसी गोल्फर ने किसी भी वर्ग में वर्ल्ड चैंपियनशिप का टाइटल जीता है और नंबर-वन रैंकिंग हासिल की है। उनकी इस जीत से उनके पैतृक गांव और ननिहाल में खुशी का माहौल है।
शुभम जागलान ने लॉस वेगास में हुए चैंपियनशिप मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टाइटल अपने नाम कर अमेरिका में तिरंगा फहरा दिया।
एंजल पार्क गोल्फ कोर्स में 23 से 26 जुलाई तक हुई प्रतियोगिता में शुभम ने तीन दिन में 27 हाल में पांच अंडर स्कोर हासिल किया। जापान के केन सिबता का स्कोर चार अंडर रहा और वे प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर रहे।
अमेरिका के जस्टिन डेंग तीन-अंडर स्कोर हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।