फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉन्गकॉन्ग ओपन: सात्विक-चिराग की जोड़ी और लक्ष्य सेन सेमीफाइनल में हारे, भारतीय चुनौती समाप्त

Sat, 21 Nov 2026 06:26 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हॉन्गकॉन्ग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। पुरुष युगल सेमीफाइनल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मलयेशिया के मान वेई चोंग और टी काई वुन ने 21-18, 21-19 से हराया। वहीं, पुरुष एकल में लक्ष्य सेन को डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ 13-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा। 
विज्ञापन
लक्ष्य सेन - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हॉन्गकॉन्ग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पुरुष युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी तथा पुरुष एकल में लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा। सात्विक-चिराग को मलेशिया के मान वेई चोंग और टी काई वुन ने सीधे गेमों में हराया, जबकि लक्ष्य सेन को डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में शिकस्त मिली। विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग की जोड़ी को आठवीं वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी ने 21-18, 21-19 से हराया। वहीं, लक्ष्य सेन को एंटोनसेन ने 21-13, 21-13 से मात दी। इस हार के साथ ही पिछले दो सप्ताह में हायलो ओपन और कुमामोटो मास्टर्स जापान का खिताब जीतने वाले लक्ष्य का लगातार जीत का सिलसिला भी थम गया।
विज्ञापन
Trending Videos

सात्विक-चिराग - फोटो : PTI
सात्विक-चिराग की जोड़ी को कड़े मुकाबले में मिली हार
  • सात्विक और चिराग ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की और शुरुआती तीन अंक हासिल किए। हालांकि, मलयेशियाई जोड़ी ने जल्द ही वापसी करते हुए स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों जोड़ियों के बीच तेज रफ्तार और आक्रामक खेल देखने को मिला।
  • भारतीय जोड़ी ने नेट पर बेहतरीन रक्षात्मक खेल दिखाया, लेकिन मलयेशियाई खिलाड़ियों की सटीक प्लेसमेंट और आक्रामक स्मैश के सामने उन्हें लगातार चुनौती मिली। पहले गेम में 10-10 की बराबरी के बाद मान और टी ने ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बना ली।
  • मलयेशियाई जोड़ी ने इसके बाद अपनी बढ़त को 16-12 तक पहुंचा दिया। सात्विक और चिराग ने वापसी की कोशिश की और लगातार अंक हासिल करते हुए स्कोर 17-17 कर दिया। सात्विक ने 428 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शानदार स्मैश लगाकर स्कोर 18-19 किया, लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने पहला गेम 21-18 से अपने नाम कर लिया।
  • दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने 7-3 की बढ़त बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन मान और टी ने लगातार छह अंक हासिल करते हुए 9-7 से बढ़त बना ली। ब्रेक तक मलेशियाई जोड़ी 11-9 से आगे थी। इसके बाद उसने बढ़त को 14-9 तक पहुंचा दिया।
  • सात्विक और चिराग ने हार नहीं मानी और जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 19-19 कर दिया। हालांकि, निर्णायक क्षणों में मलेशियाई खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने लगातार दो अंक हासिल कर दूसरा गेम 21-19 से जीतने के साथ ही फाइनल में जगह बना ली।
विज्ञापन

लक्ष्य सेन - फोटो : PTI
एंटोनसेन के सामने बेबस नजर आए लक्ष्य सेन
  • पुरुष एकल के सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन को डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन ने 21-13, 21-13 से हराया। मुकाबले की शुरुआत में एंटोनसेन ने 3-0 की बढ़त बनाई, लेकिन लक्ष्य ने लगातार तीन अंक हासिल कर बराबरी कर ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ लंबी और संघर्षपूर्ण रैलियां देखने को मिलीं।
  • स्कोर 8-8 होने के बाद एंटोनसेन ने लगातार अंक हासिल किए और ब्रेक तक तीन अंकों की बढ़त बना ली। डेनमार्क के खिलाड़ी ने इसके बाद अपनी बढ़त को लगातार मजबूत किया। लक्ष्य की कुछ गलतियों का फायदा उठाते हुए एंटोनसेन ने पहला गेम 21-13 से जीत लिया।
  • दूसरे गेम में भी एंटोनसेन ने अपनी लय बरकरार रखी। उन्होंने शुरुआत में ही 5-2 की बढ़त बना ली और ब्रेक तक स्कोर 11-6 कर दिया। लक्ष्य ने वापसी के लिए कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन उनकी लय लगातार टूटती रही।
  • एंटोनसेन ने बेहतर कोर्ट कवरेज और सटीक शॉट चयन के दम पर लक्ष्य को दबाव में रखा। उन्होंने 18-9 की बढ़त हासिल करने के बाद स्मैश लगाकर नौ मैच प्वाइंट हासिल किए। लक्ष्य ने दो मैच प्वाइंट बचाए, लेकिन तीसरे प्रयास में एंटोनसेन ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
  • पिछले दो सप्ताह में लगातार दो खिताब जीतने वाले लक्ष्य इस मुकाबले में थके हुए नजर आए। उनकी मूवमेंट और प्रतिक्रिया की गति भी पहले जैसी नहीं दिखी, जिसका फायदा एंटोनसेन ने उठाया। इस तरह सात्विक-चिराग और लक्ष्य सेन की हार के साथ हॉन्गकॉन्ग ओपन सुपर 500 में भारत का सफर सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें