भारत की टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना अमेरिकी ओपन में अपने अपने जोड़ीदारों के साथ क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं। जबकि पुरुष युगल में लिएंडर पेस और दिविज राजा की जोड़ी प्रतियोगिता में दूसरे दौर में हार कर बाहर हो गयी। महिला युगल में सानिया और चीन की खिलाड़ी शुआई पेंग की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने तीसरे दौर में सोराना सिरस्टी और सारा सोर्रिबेस टोर्मो की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 6-2 3-6 7-6(2) से हराया।
मिश्रित युगल में बोपन्ना और कनाडा की उनकी जोड़ीदार गैब्रिएला डाब्रोवस्की की सातवीं वरीय जोड़ी ने मारिया जोस माटिनेज सांचेज और निकोल्स मोनरो को सीधे सेटों में 6-3 6-4 से हराया।
पुरुषों के युगल मुकाबले में पेस ओर राजा की जोड़ी को रूस के कारेन खाचानोव और आंद्रे रूबलेव ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 4-6 6-7(7) से हराया। दोनों भारतीयों ने पहली बार विंसटन-सालेम ओपन में जोड़ी बनायी थी लेकिन वहां भी उन्हें पहले दौर में ही हार का समना करना पड़ा था।