घुटने की चोट से जूझ रही लंदन ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल के बुधवार से शुरू हो रहे शहीद डा. केएल. गर्ग-सैयद मोदी इंटरनेशनल इंडिया ग्रां प्री गोल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में खेलने पर सस्पेंस गहरा गया है। हालांकि साइना ने कहा कि वह चोट के कारण इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएगी लेकिन आयोजकों का दावा है कि साइना टूर्नामेंट में खेल रही हैं।
भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डॉ. विजय सिन्हा ने कहा कि साइना पहले दौर का मुकाबला खेलने के लिए जरूर कोर्ट पर उतरेगी। 20 लाख रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में साइना को शीर्ष वरीयता दी गई है और पहले दौर में उन्हें रूस की सेनिया पोलीकार्पोवा के साथ खेलना था।
पिछली बार अनफिट होने के कारण मोदी बैडमिंटन नहीं खेलने वाली साइना ने कहा कि इंटरनेशनल कैलेंडर के व्यस्त होने के कारण घरेलू टूर्नामेंट में खेलना संभव नहीं हो पाता। जहां तक सैयद मोदी बैडमिंटन का सवाल है तो मैं इसमें खेलने की पूरी कोशिश करूंगी। साइना ने कहा कि वह विश्व की नंबर एक खिलाड़ी बनने की पूरी कोशिश कर रही हैं लेकिन मुश्किल यह है कि इस राह में दस चीनी खिलाड़ी हैं और मैं अकेली भारतीय हूं। साइना को सहारा परिवार के रूप में नया प्रायोजक मिला है।