देश की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल मलयेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। टॉप सीड साइना ने हांगकांग की यिप पुई यिन को एकतरफा मुकाबले में 21-12, 21-9 से आसानी से हरा दिया। हालांकि पुरुष सिंगल्स में पी कश्यप को छठी सीड डेनमार्क के जान ओ जोर्गेनसेन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता देखना पड़ा।
पहले गेम में साइना और यिन के बीच 12 अंकों तक मुकाबला बराबरी का दिखा लेकिन साइना ने यहां के बाद लगातार नौ अंक लेकर पहला गेम आसानी से निपटा दिया। इसके विपरीत दूसरे गेम में साइना ने आक्रामक शुरुआत करते हुए 8-2 से बढ़त बनाई और इस बड़े बढ़त को अंत तक कायम रखा। यहां से यिन केवल सात ही अंक हासिल कर सकीं जबकि साइना ने 13 अंक आसानी से हासिल करते हुए गेम के साथ ही मैच भी अपने नाम कर लिया। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए साइना की भिड़ंत अब जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगी जिन्होंने इंडोनेशिया की लिंडावेनी फैनेत्री को 21-13, 21-13 से हराया। दूसरी ओर कश्यप को जोर्गेनसेन ने 21-17, 21-14 से मात दी।