ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और टॉप सीड भारत की साइना नेहवाल ने एक घंटे के कड़े संघर्ष में चीन की ली हान को 21-11, 16-21, 21-19 से हराकर फ्रेंच ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया।
हाल में वर्ल्ड नंबर वन खिलाड़ी चीन की यिहान वांग को हराकर डेनमार्क ओपन सुपर सीरीज खिताब जीतने वाली साइना को हान को तीन गेमों में हराने के लिए पूरा दमखम झोंकना पड़ा।
टॉप सीड साइना ने मैच में 25 नेट विनर, 10 स्मैश विनर और आठ क्लीयर विनर लगाए। साइना का दूसरे राउंड में थाइलैंड की सपसिरी तेरातनाचई के साथ मुकाबला होगा, जिन्होंने चेक गणराज्य की क्रिस्टिना गेवनहाल्ट को हराया।