इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) के चुनाव समिति के अध्यक्ष एसवाई कुरैशी के अपने पद से इस्तीफा देने से यह चुनाव एक बार फिर अधर में लटक गए है। शनिवार को कुरैशी ने यह कहते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया कि उनका जमीर उन्हें इस पद पर बने रहने की इजजात नहीं दे रहा है। आईओए के चुनाव 25 नवंबर को होने वाले है। ऐसे में कुरैशी के इस्तीफे ने इस चुनाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आईओए ने इस चुनाव के लिए कुरैशी समेत तीन लोगों के कमेटी बनाई थी लेकिन अब कमेटी में सिर्फ दो लोग बचे हैं। अपने इस्तीफे में कुरैशी ने लिखा, ‘मैं इस बात की प्रशंसा करता हूं कि इस चुनाव के लिए आईओए ने स्वतंत्र कमेटी का गठन किया। लेकिन मैं इस पद पर लगातार बने नहीं रह सकता क्योंकि आईओए ने सरकार की खेल नीतियों को मान लिया है पर वह इस पर अमल नहीं कर रहा। मैं सरकार की नीति का उस वक्त से समर्थन कर रहा हूं जब मैं खेल मंत्रालय में सचिव था। अब आईओए इन नीतियों का पालन नहीं कर रही है और ऐसे में मेरा जमीर मुझे इस पद पर बने से मना कर रहा है।’