इंडियन बॉक्सिंग फेडरेशन के चुनाव पर सवालिया निशान लग गए हैं। बीते रविवार को जिस तरह से पटियाला में फेडरेशन के चुनाव कराए गए उसके विरोध में न सिर्फ नए चुने गए दो पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है, बल्कि मेघालय बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष जान खारशींग ने खेल मंत्रालय और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन से शिकायत कर चुनाव को निरस्त कर नए सिरे से कराने की मांग की है।
मंत्रालय और आईओए दोनों ने कार्रवाई के भी संकेत दिए हैं। खारशींग ने मंत्रालय को की शिकायत में कहा है कि 23 सितंबर को हुए चुनाव में खुले आम मनमानी करते हुए मंत्रालय की गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाई गई हैं। खुद उनकी ओर से नामांकन दाखिल किए जाने के बावजूद उनकी उम्मीदवारी को सिरे नहीं चढ़ने दिया गया। चुनाव प्रक्रिया से क्षुब्ध होते हुए उपाध्यक्ष पदक पर चुने गए बंगाल बॉक्सिंग एसोसिएशन के असित बनर्जी और संयुक्त सचिव चुने गए त्रिपुरा बॉक्सिंग एसोसिएशन के रूपक देबरॉय ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
बनर्जी का विरोध है कि नामांकन दाखिल नहीं किए जाने के बावजूद अभिषेक मटोरिया को अध्यक्ष चुन लिया गया। खारशींग ने शिकायत में कहा है कि वह उस वक्त पूरी तरह से हैरान रह गए जब आरओ सेवानिवृत जज एमएस लिब्रहान ने कहा कि अभय सिंह चौटाला के अलावा कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है जबकि उन्होंने काफी दिन पहले ही अपना नामांकन दाखिल कर दिया था।
आईओए के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि शिकायत पर पूरी तरह से छानबीन हो रही है। अगर कोई भी गड़बड़ी निकलती है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। वहीं, खेल मंत्रालय के अधिकारी का कहना है हाईकोर्ट के निर्देशों का जहां भी उल्लंघन हुआ है उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हेमंत रस्तोगी