कोच को भागकर बचानी पड़ी जान
सिंधू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा, 'यह संकट लगातार बढ़ता जा रहा है और हर घंटे हालात और भी भयावह हो रहे हैं। कुछ घंटे पहले एयरपोर्ट पर जहां हम रुके हुए थे, उसके पास एक धमाका हुआ। मेरे कोच को तुरंत उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। वह हम सभी के लिए बेहद तनावपूर्ण और डरावना पल था।' इस घटना के बाद पूरे दल में घबराहट फैल गई। हालांकि, सभी ने धैर्य बनाए रखा और सुरक्षा निर्देशों का पालन किया।
सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
सिंधू ने आगे बताया कि अब सभी को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने दुबई एयरपोर्ट प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के त्वरित सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने लिखा, 'अब हम सभी सुरक्षित हैं और हमें अधिक सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। दुबई एयरपोर्ट स्टाफ और दुबई प्रशासन के अथक प्रयासों के लिए हम आभारी हैं। साथ ही दुबई स्थित भारतीय उच्चायोग का विशेष धन्यवाद, जिन्होंने लगातार हमारी मदद की और हमारी सुरक्षा सुनिश्चित की। फिलहाल हम आराम करने की कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही हालात सामान्य होंगे।'
सिंधू के पिता का बयान
पीवी सिंधू के पिता रमण ने हैदराबाद से फोन पर बातचीत में समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, 'मैंने आज सुबह करीब तीन बजे अपनी बेटी से बात की। उसने बताया कि भारतीय दूतावास उसका ध्यान रख रहा है और उसे एक होटल में ठहराया गया है।' उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा हालात के बाद प्रशासन की ओर से पूरी मदद दी जा रही है।
सिंधू लगातार दे रही हैं अपडेट
इससे पहले भी सिंधू ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर दुबई एयरपोर्ट के हालात बताए थे। उन्होंने भीड़ का वीडियो साझा किया था और बताया कि भीड़ बढ़ती ही जा रही है और लोग परेशान हैं। सिंधू ने लिखा था, 'मैं सुरक्षित हूं। मुझे मैसेज करने और हालचाल पूछने वाले सभी लोगों का धन्यवाद, यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।' उन्होंने आगे कहा, 'ऊपर से हो रही गतिविधियों की आवाजें सुनना और हालात को रियल टाइम में बिगड़ते देखना मानसिक रूप से समझ पाना मुश्किल है। दुबई एयरपोर्ट पर स्थिति बेहद अव्यवस्थित है, कई परिवार फंसे हुए हैं। हम सभी बस यही उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही यह मुश्किल समय गुजर जाए। प्रभावित सभी लोगों की शांति और सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रही हूं।'