1986 के सियोल एशियाई खेलों में चार स्वर्ण और एक रजत जीतने वाली देश की महान एथलीटों में शुमार पीटी उषा शनिवार को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की पहली महिला अध्यक्ष बन जाएंगी। आईओए चुनाव में उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाएगा। आईओए के तीसरे अध्यक्ष महाराजा यादविंदर सिंह (1938-1960) के बाद वह पहली खिलाड़ी अध्यक्ष होंगी।
शनिवार को महिला उपाध्यक्ष और चार कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतदान होगा, जिसमें उषा के अलावा गगन नारंग, पीवी सिंधू, अखिल कुमार, मनोहर सोमय्या, साक्षी मलिक, योगेश्वर दत्त जैसे खिलाडिय़ों के अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद बृजभूषण शरण सिंह समेत 77 लोग मतदान करेंगे।
गगन उपाध्यक्ष, सहदेव बनेंगे कोषाध्यक्ष
उषा के अलावा एनआरएआई के अजय पटेल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गगन नारंग, रोइंग संघ की अध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव उपाध्यक्ष, भारतीय वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष सहदेव यादव कोषाध्यक्ष, फुटबाल संघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे संयुक्त सचिव, योगेश्वर दत्त और डोला बनर्जी कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर निर्विरोध चुने जाएंगे। इनके खिलाफ किसी ने भी नामांकन नहीं किया है।
महिला उपाध्यक्ष के लिए बैडमिंटन संघ की अलकनंदा अशोक और नेटबाल संघ की सुमन कौशिक के बीच मुकाबला होगा, जबकि कार्यकारिणी के लिए अमिताभ शर्मा, भूपेंदर सिंह बाजवा, सायरस पोंचा, हरजिंदर सिंह, हरपाल सिंह, परमिंदर सिंह ढींढसा, रोहित राजपाल, विट्ठल शिरगांवकर के बीच मुकाबला होगा, जिसमें चार कार्यकारिणी सदस्य चुने जाएंगे।