प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पैरा एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। जापान के आइची-नागोया में आयोजित खेलों का आगाज भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। इस दौरान पैरा-बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत और पैरा-एथलीट सिमरन शर्मा ने भारतीय दल का नेतृत्व करते हुए तिरंगा थामा।
पैरा एशियन गेम्स 2026
- फोटो : @Media_SAI
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के जज्बे, समर्पण और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने लिखा, 'पैरा एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत के साथ मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।' प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत को अपने शानदार पैरा-एथलीटों पर बेहद गर्व है। उनका साहस, समर्पण और कभी हार न मानने वाला जज्बा 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करेंगे और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
पैरा एशियन गेम्स 2026
- फोटो : IANS
प्रमोद भगत और सिमरन शर्मा ने थामा तिरंगा
नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और पैरा-एथलीट सिमरन शर्मा भारतीय दल के ध्वजवाहक बने। दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का नेतृत्व किया। समारोह में भारतीय दल की पारंपरिक और सांस्कृतिक पहचान भी देखने को मिली। खिलाड़ियों ने गहरे नीले रंग के ब्लेजर पहने थे, जिन पर सिंधु घाटी सभ्यता से प्रेरित सुनहरे रंग के डिजाइन बनाए गए थे। इन डिजाइनों में प्रसिद्ध 'प्रिस्ट-किंग' मूर्ति, 'डांसिंग गर्ल' की आकृति और प्राचीन मुहरों से प्रेरित प्रतीकों को शामिल किया गया था। इनका उद्देश्य भारत की प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करना था।
पैरा एशियन गेम्स 2026
- फोटो : PCI (X-videograb)
281 सदस्यीय भारतीय दल लेगा हिस्सा
पैरा एशियन गेम्स 2026 में भारत का 281 सदस्यीय दल हिस्सा ले रहा है। इसमें 168 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 112 पुरुष और 56 महिलाएं हैं। भारतीय खिलाड़ी कुल 11 खेलों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। भारतीय दल का लक्ष्य पिछले संस्करणों में किए गए प्रदर्शन को आगे बढ़ाना और विभिन्न पैरा-स्पोर्ट्स में पदक जीतना होगा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की नजरें अपने-अपने खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए उपलब्धियां हासिल करने पर रहेंगी।
पैरा एशियन गेम्स के लिए भारतीय दल
- फोटो : @Media_SAI
24 अक्तूबर तक चलेगा खेलों का आयोजन
पैरा एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 24 अक्तूबर तक होगा। उद्घाटन समारोह के साथ ही खिलाड़ियों के लिए मुकाबलों का सिलसिला शुरू हो गया है। भारतीय दल को उम्मीद है कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करेंगे। ये खेल खिलाड़ियों की क्षमता, मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति को प्रदर्शित करने का एक बड़ा मंच हैं।