फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत ने शतरंज में कैसे पूरा किया शतक?: अनुज श्रीवात्री बने 100वें ग्रैंडमास्टर, पीएम मोदी ने दी बधाई

Tue, 10 Nov 2026 05:27 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत ने शतरंज में 100 ग्रैंडमास्टर्स का आंकड़ा छू लिया है। मध्य प्रदेश के अनूज श्रीवात्री देश के 100वें ग्रैंडमास्टर बने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह भारतीय शतरंज के लिए असाधारण उपलब्धि है। 

विज्ञापन
पीएम मोदी-अनुज - फोटो : ANI-Anuj Shrivatri
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने शतरंज की दुनिया में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अनुज श्रीवात्री के ग्रैंडमास्टर बनने के साथ ही देश में ग्रैंडमास्टर्स की संख्या 100 हो गई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनूज श्रीवात्री को बधाई दी और इसे भारतीय शतरंज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि भारत ने शतरंज में शतक पूरा कर लिया है। यह अपने आप में असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश में 100 ग्रैंडमास्टर्स का होना खिलाड़ियों की अपार प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत को दर्शाता है। साथ ही, यह युवाओं के बीच शतरंज की बढ़ती लोकप्रियता का भी प्रमाण है। मोदी ने उम्मीद जताई कि अनूज की यह उपलब्धि देश के अधिक से अधिक युवाओं को शतरंज अपनाने और इस खेल में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
विज्ञापन




फिलीपींस में खिताब जीतकर हासिल किया मुकाम
मध्य प्रदेश के अनूज श्रीवात्री ने रविवार को फिलीपींस के सिनाकाबान में आयोजित सातवीं आसियान प्लस व्यक्तिगत ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल किया। इसके साथ ही वह भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बन गए।
विज्ञापन


विश्वनाथन आनंद थे भारत के पहले ग्रैंडमास्टर
भारतीय शतरंज के दिग्गज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद साल 1988 में देश के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे। उनके बाद भारतीय शतरंज ने लगातार तरक्की की और अब देश में ग्रैंडमास्टर्स की संख्या 100 तक पहुंच गई है। इस साल जुलाई से नवंबर के बीच भारत को पांच नए ग्रैंडमास्टर मिले हैं। अनूज श्रीवात्री से पहले एथन वाज, हर्षवर्धन जीबी, एस अश्वथ और वी रत्नवेल ने यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था।

गुकेश के रूप में भारत के पास विश्व चैंपियन
भारतीय शतरंज की इस सफलता को और खास बनाता है डी. गुकेश का मौजूदा विश्व चैंपियन होना। गुकेश इसी महीने अपने विश्व खिताब का बचाव करने उतरेंगे। ऐसे में 100 ग्रैंडमास्टर्स का आंकड़ा छूना भारतीय शतरंज के बढ़ते दबदबे को दर्शाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें