फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pickleball: अमेरिका के डस्टी को हराकर भारत के अरमान भाटिया ने जीता खिताब, महिला एकल में सोफिया ने मारी बाजी

Sun, 27 Oct 2024 07:53 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पीडब्लूआर यूपीआर इंडिया मास्टर्स के प्रो (ओपन) पुरुष एकल के फाइनल में अरमान ने रोमांचक मैच में डस्टी बॉयर को 8-11, 11-9, 11- 8 के अंतर से मात दी। महिला एकल के फाइनल में अमेरिका की 25 वर्षीय सोफिया स्विंग ने टूर्नामेंट में पहली वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की काओ पेई चुआन को मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
अरमान भाटिया-सोफिया स्विंग - फोटो : Pickleball World Rankings
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के मशहूर पिकलबॉल खिलाड़ी अरमान भाटिया ने टूर्नामेंट में पहली वरीयता प्राप्त अमेरिका के डस्टी बॉयर को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में रोमांचक अंदाज में मात देकर पीडब्लूआर डीयूपीआर इंडिया मास्टर्स 2024 का पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, अमेरिका की 25 वर्षीय सोफिया स्विंग ने धमाकेदार अंदाज में फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे की टूर्नामेंट में पहली वरीयता प्राप्त काओ पेई चुआन को सीधे गेम में मात देकर पहले पीडब्लूआर डीयूपीआर इंडिया मास्टर्स का महिला एकल का खिताब जीत लिया।
विज्ञापन

रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला
आरके खन्ना टेनिस अकादमी में खेले गए पीडब्लूआर यूपीआर इंडिया मास्टर्स के प्रो (ओपन) पुरुष एकल के फाइनल में अरमान ने रोमांचक मैच में डस्टी बॉयर को 8-11, 11-9, 11- 8 के अंतर से मात दी। पहले गेम में हार के बाद अरमान ने जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आने के बावजूद शानदार वापसी की और अगले दो गेम 11-9 और 11-8 के अंतर से मात देकर खिताबी जीत हासिल की। तीसरे गेम में तो अरमान ने बेहद रोमांचक अंदाज में आठ अंक से पिछड़ने के बाद लगातार 11 अंक हासिल किए और गेम के साथ-साथ टाइटल भी अपने नाम कर लिया।

महिला एकल के फाइनल में अमेरिका की 25 वर्षीय सोफिया स्विंग ने टूर्नामेंट में पहली वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की काओ पेई चुआन को मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। सोफिया स्विंग ने काओ पेई चुआन को सीधे गेम में 11-3, 11-2 से मात देकर खिताब अपने नाम किया।

पहले गेम में हुई कांटे की टक्कर
पुरुषों के एकल फाइनल मुकाबले में डस्टी और अरमान के बीच कांटे की टक्कर हुई। अरमान ने डस्टी के खिलाफ शानदार शुरुआत करके पहले गेम में 3-0 की शुरुआती बढ़त बनाई। लेकिन बॉयर ने वापसी करते हुए लगातार चार अंक हासिल किए और 4-3 के अंतर से बढ़त बना ली। उन्होंने ब्रेक तक अपनी बढ़त को बढ़ाकर 6-3 कर लिया। लगातार 6 अंक हासिल करके बॉयर ने बता दिया कि उन्हें टूर्नामेंट में क्यों पहली वरीयता मिली है। अरमान ने पहले गेम में वापसी की कोशिश तो की लेकिन असफल रहे। एक वक्त अरमान ने 6-6 की बराबरी कर ली थी। उन्होंने एक अंक की बढ़त भी बना ली थी लेकिन इसे बरकरार नहीं रख सके। पहले गेम में दोनों प्लेयर्स को एक-एक अंक हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मुकाबला पहले 7-7, 8-8 से बराबर हुआ लेकिन बॉयर ने एक बार फिर वापसी करते हुए 10-8 की बढ़त बना ली और अंत में 11-8 के अंतर से पहला गेम अपने नाम कर लिया।

अरमान ने की दूसरे गेम में शानदार वापसी
गर्मी की वजह से अरमान की जांघ की मांसपेशियों में पहले गेम के बाद खिंचाव आ गया था। बावजूद इसके वो दूसरे गेम में खेलने उतरे शानदार वापसी करने में सफल रहे। अमेरिकी खिलाड़ी बॉयर ने दूसरे सेट की शुरुआत में ही 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। अरमान ने वापसी की कोशिश की लेकिन बॉयर 5-2 की बढ़त बनाए रखी। लेकिन दर्शकों के समर्थन के साथ अरमान ने शानदार वापसी की। भारतीय स्टार ने एक वक्त स्कोर 6-4 कर लिया था। लेकिन बॉयर ने अपना दबदबा बनाए रखा और 9-4 की बढ़त बनाते हुए खिताब जीतने के करीब पहुंच गए। ऐसे में अरमान ने पलटवार करते हुए लगातार तीन अंक बटोरे और स्कोर लाइन को 9-7 कर दिया। अंत में अरमान दूसरा गेम 11-9 से अपने नाम कर लिया। और मैच में 1-1 की बराबरी पर आ गए।

तीसरे गेम में 0-8 से पिछड़ने के बाद अरमान ने जीता खिताब
तीसरे गेम की शुरुआत में बॉयर ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की और अरमान भाटिया 0-8 के अंतर से निर्णायक बढ़त बना ली थी। इसके बाद भाटिया ने मैच में वापसी की अंतिम लेकिन कामयाब कोशिश करते हुए तीन अंक हासिल किए और स्कोर लाइन को 3-8 तक ले आए। ऐसे में बॉयर ने टाइम आउट मांगा जिसका फायदा अरमान को हुआ और उन्होंने ब्रेक के बाद लगातार सात अंक हासिल करके स्कोर को 10-8 कर दिया और धमाकेदार वापसी करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। विनिंग प्वाइंट का फैसला वीडियो रेफरल से हुआ तीसरी गेम अरमान ने 11-8 के अंतर से लगातार 11 अंक बटोरकर धमाकेदार अंदाज में अपने नाम किया।

सोफिया ने 11-3 से जीता पहला गेम
खिताबी मुकाबले के पहले गेम में चीनी ताइपे की काओ पेई चुआन ने पहला अंक हासिल किया और अपनी बढ़त को जल्दी दोगुना कर लिया। इसके बाद सोफिया स्विंग ने वापसी की और लगातार आठ अंक अर्जित किए और 8-2 के अंतर से बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद भी सोफिया ने अंक हासिल करना जारी रखा और 10-3 के अंतर से सेट प्वाइंट तक पहुंच गईं और इसके बाद 11-3 से पहला गेम अपने नाम करके मैच में 1-0 की शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।
विज्ञापन

दूसरे गेम में भी नहीं दिया चीनी ताइपे की खिलाड़ी को मौका
दूसरे गेम में भी सोफिया ने अपने शानदार फॉर्म और लय को जारी रखा और 5-0 की शुरुआती बढ़त बना ली। सोफिया के आक्रामक खेल के सामना काओ पेई चुआन फीकी नजर आईं। दूसरे गेम में पहला अंक हासिल करने के लिए चीनी ताइपे की खिलाड़ी को लंबे इंतजार करना पड़ा। दूसरे गेम में ब्रेक तक सोफिया ने 5-1 की बढ़त बना ली थी और खिताब की ओर बढ़ती दिखीं। सोफिया ने मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और 7-1 की बढ़त हासिल करने के बाद गेम में विरोधी खिलाड़ी को दूसरा अंक हासिल करने दिया। सोफिया ने इसके बाद कोई गलती नहीं की और 10-2 की स्कोर लाइन के साथ मैच प्वाइंट पर पहुंच गईं और अंत में 11-2 के साथ दूसरा गेम और खिताब अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें