पेरिस पैरालंपिक में भारतीय दल का अभियान रविवार को समाप्त हो गया। पैरा एथलीट पूजा ओझा महिला केएल1 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में चौथे स्थान पर रहीं। वह फाइनल के लिए क्वालिफाई करने से चूक गईं। पेरिस में भारत 29 पदक अपने नाम करने में कामयाब रहा। इनमें इनमें सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य शामिल हैं।
मध्य प्रदेश में जन्म लेने वाली पूजा कैनोइंग में प्रतिस्पर्धा करती हैं। उनसे उम्मीद थी कि महिला केएल1 200 मीटर स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने के बाद वह भारत को 30वां पदक दिलाएंगी। हालांकि, वह ऐसा करने से चूक गईं।
पूजा रविवार को भारत की तरफ से खेलने वाली अकेली खिलाड़ी थी। उन्हें फाइनल में पहुंचने के लिए सेमीफाइनल में शीर्ष तीन में जगह बनाने की जरूरत थी लेकिन वह 1:17.03 का समय ही निकाल पाईं और चौथे स्थान पर रहीं। भारत के एकमात्र पुरुष कैनो धावक यश कुमार शनिवार को केएल1 200 मीटर सेमीफाइनल में पांचवें स्थान पर रहे थे।