पाकिस्तान ने एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप जीत ली जब भारत ने अपने कोच को दंडित करने के रेफरी के फैसले के खिलाफ मैदान छोड़ दिया। खचाखच भरे पंजाब स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तानी टीम के 40 और भारत के 32 अंक थे, जब भारत ने आगे खेलने से इनकार कर दिया। भारतीय कोच गुरमेल सिंह को रेफरी ने हरा कार्ड दिखा दिया था।
रेफरी का कहना था कि कई फैसलों का विरोध करने के लिए बार-बार मैदान में आकर वे मुकाबला बाधित कर रहे थे। गुरमेल दो बार मैदान पर आए थे। तीसरी बार पाकिस्तानी टीम ने उनके मैदान के भीतर आने का विरोध किया। तीखी बहस के बाद भारतीय टीम ने आगे नहीं खेलने का फैसला किया, जिसके बाद पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया गया।