वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) सुपस्टार ब्रॉन स्ट्रॉमैन इन दिनों अपने भारतीय दौरे का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। ब्रॉन स्ट्रॉमैन भारतीय खाने से लेकर यहां का पहनावे और रहन-सहन को भी काफी पसंद करने लगे हैं।
हाल ही में ब्रॉन स्ट्रॉमैन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। इस तस्वीर में ब्रॉन एक ज्योतिषी को अपने हाथों की रेखा पढ़वाते नजर आ रहे हैं। ज्योतिषी ने ब्रॉन के भाग्य से जुड़े क्या खुलासे किए, इसका पता तो नहीं चला लेकिन उनकी इस तस्वीर ने उन्हें भारत से लेकर अमेरिका तक लोकप्रिय बना दिया है।
दरअसल ब्रॉन की इस तस्वीर को खुद डब्ल्यूडब्ल्यूई ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया है। डब्ल्यूडब्ल्यूई के ट्विटर अकाउंट पर शेयर हुई इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा गया, 'एक भारतीय ज्योतिषी ब्रॉन स्ट्रॉमैन का हाथ देखकर उनका भविष्य बता रहे हैं। क्या आप बता सकते हैं उन्होंने क्या देखा??'
बता दें कि मुंबई शहर को करीब से जाने में जुटे ब्रॉन इस दौरान बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों से भी मिले। ब्रॉन की मुलाकात बॉलीवुड के दबंग सलमान खान और वरुण धवन से भी हो चुकी है। इसके अलावा वह स्पेशल ओलंपिक इंटरनेशनल के दौरान कई युवा एथलीटों से भी मिले।