राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन मनिका बत्रा और युवा भारतीय पैडलर श्रीजा अकुला विश्व टेबल टेनिस कंटेंडर सीरीज के मुख्य दौर में जगह बनाने से एक कदम दूर हैं। राष्ट्रीय चैंपियन मनिका ने क्वालिफाइंग में रोमानिया की इरिना को 11-7,15-13, 11-8 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। अब उनका सामना यूक्रेन की गन्ना गपोनोवा से होगा।
अन्य मुकाबले में दुनिया की 150वें नंबर की श्रीजा ने पहले 74वें नंबर की चिली की वेगा पौलिना को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद थाईलैंड की ओरावन परनांग को 11-5, 11-5,11-6 से हराया। अंतिम दौर में श्रीजा की टक्कर रूस की मारिया टिलकोवा से होगी जिन्होंने भारत की अर्चना कामत को 14-12,11-8,11-8 से हराया। पुरुष वर्ग में हरमीत देसाई को तीसरे दौर में रूस के अलेक्जेंडर के हाथों 11-9, 11-7, 9-11, 8-11,2-11 से हार मिली।
साथियान और सुतिर्था मिश्रित के मुख्य दौर में :
मिश्रित युगल में जी साथियान और सुतिर्था मुखर्जी की जोड़ी ने प्यूर्टो रिको के डेनियल गोंजालेज और मेलानी डियाज को सीधे सेटो में 11-5,11-7, 11-5 से हराकर मुख्य दौर में प्रवेश किया। अचंत शरत कमल और मनिका की जोड़ी रूस के अलेक्जेंडर और पोलिना के हाथों 11-9,11-13,11-13, 3-11 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।