पुरुष फ्रीस्टाइल में रवि दहिया (57 किग्रा), बजरंग (65 किग्रा) और दीपक पूनिया (86 किग्रा) जबकि महिला वर्ग में विनेश फोगाट (53 किग्रा) ने नूर सुल्तान में विश्व चैंपियनशिप में टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए कोटा हासिल किया था। रवि, दीपक और विनेश को ट्रायल्स में भाग लेने के लिये कहा गया है। इन वर्गों के लिये मुकाबला केवल रोम और नई दिल्ली प्रतियोगिताओं के लिए होगा।
डब्ल्यूएफआई के सहायक सचिव विनोद तोमर ने कहा, 'अगर डब्ल्यूएफआई को लगता है कि मार्च में एशियाई क्वालीफायर (तोक्यो खेलों के लिये) के लिये दमदार उम्मीद्वार नहीं है तो सुशील को ट्रायल्स में शामिल होने के लिये कहा जा सकता है।'
सुशील अपने करियर को फिर से ढर्रे पर लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह अपने रूसी कोच कमाल मालिकोव के साथ अभ्यास कर रहे थे। सुशील ने पीटीआई से कहा, 'मैं दो सप्ताह में फिट हो जाऊंगा। चिंता मत करो मैं वापसी करूंगा। विश्व चैंपियनशिप के बाद अभ्यास करते हुए मैं चोटिल हो गया था। डब्ल्यूएफआई इस बारे में जानता है। अगर वे ट्रायल्स करवाना चाहते हैं तो ठीक है।' महिला ट्रायल्स शनिवार को लखनऊ में होंगे।