जापान के तोशीकाजू यामानिशी ने 20 किमी स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस तरह उन्होंने जापान को पैदल चाल में दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। पिछले रविवार युसुके सुजुकी 50 किमी पैदल चाल स्पर्धा जीतने वाले पहले जापानी पुरुष एथलीट बने थे।
23 साल के पूर्व विश्व युवा चैंपियन तोशीकाजू ने एक घंटे 26 मिनट 34 सेकंड के समय से पहला स्थान प्राप्त किया। अधिकृत तटस्थ ऐथलीट के तौर पर भाग ले रहे रूस के वासिले मिजिनोव ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि परसियस कार्लस्ट्रोम ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर स्वीडन को चैंपियनशिप का पहला पदक दिलाया।
अमेरिका की दालियाह मुहम्मद ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। उन्होंने यह गोल्ड मेडल विश्व रिकॉर्ड के साथ अपने नाम किया। दालियाह ने 52.16 सेकंड का समय निकाल स्वर्ण जीता। दूसरे स्थान पर उनकी हमवतन 20 साल की सिडनी मैक्लॉफलिन रही जिन्होंने 52.23 सेकंड के साथ रजत जीता।
जमैका की रशेल क्लेटन के हिस्से ब्रॉन्ज मेडल आया। आईएएएफ की वेबसाइट ने दालियाह के हवाले से लिखा, ‘मेरे लिए इसके काफी मायने हैं। इसे बयां करना मुश्किल है। मैं सिर्फ विश्व खिताब चाहती थी, लेकिन साथ ही वर्ल्ड रेकॉर्ड तोड़ना, मेरे लिए शानदार है।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने शुरुआत से अपना सब कुछ लगाने का फैसला किया। मुझे लगा कि सिडनी 9वीं हर्डल पर मेरे से आगे आ रही है। तब मैंने और मेहनत की।’ इसी साल जुलाई में हुई अमेरिकी चैंपियनशिप में दालियाह ने 2003 में स्थापित किए गए 52.34 के वर्ल्ड रिकॉर्ड को बेहतर किया था। उन्होंने 52.20 सेकंड का समय निकाला था।