भारतीय तीरंदाजों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। वर्ल्ड आर्चरी ने साफ कर दिया है कि अगर नौ जून को भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) के दो चुनाव हुए तो उन्हें प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
यही नहीं सात जून तक अगर दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर 24 जून को एक चुनाव कराने का फैसला नहीं लिया तो भारतीय तीरंदाजों को इस माह नीदरलैंड में होने जा रही ओलंपिक क्वालीफाइंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय झंडे तले खेलने से रोक दिया जाएगा। उन्हें वर्ल्ड आर्चरी के झंडे तले खेलना होगा।
वर्ल्ड आर्चरी के सेक्रेटरी जनरल टॉम डिलेम दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने को अपने प्रथम उपाध्यक्ष को मध्यस्थ बनाकर दिल्ली भेज रहे हैं।