indian Archery Association
अस्थाई कमेटी को वर्ल्ड आर्चरी ने जवाब दिया कि प्रतिबंध का फैसला कार्यकारिणी ने लिया है। इसे बदला नहीं जा सकता है। अगर अस्थाई कमेटी की ओर से भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) के चुनाव की घोषणा की जाती है तो वर्ल्ड आर्चरी प्रतिबंध को हटा लेगी। हालांकि वर्ल्ड आर्चरी ने अस्थाई कमेटी को मान्यता दे दी है।
वर्ल्ड आर्चरी ने एएआई के चुनाव नहीं कराने पर जुलाई माह में उस पर प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही कहा था कि अगर जल्द चुनाव नहीं कराए गए तो पैरा एशियाई और ओलंपिक क्वालिफाइंग एशियाई चैंपियनशिप में भारतीय तीरंदाजों को उनके देश के झंडे तले नहीं खेलने दिया जाएगा। अस्थाई कमेटी को उम्मीद थी कि उनके अस्तित्व में आने के बाद यह प्रतिबंध हटा लिया जाएगा और तीरंदाजों को देश के झंडे तले खेलने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
वर्ल्ड आर्चरी ने अस्थाई कमेटी को साफ किया है कि भारतीय तीरंदाज तिरंगे तले नहीं खेलेंगे, लेकिन उनकी ओर से पैरालंपिक या ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया जाता है तो यह कोटा नेशनल ओलंपिक कमेटी यानि आईओए को दिया जाएगा। कमेटी के सदस्यों का कहना है कि अदालत से जल्द चुनाव की गुहार लगाई जाएगी जिससे 21 नवंबर से होने वाली ओलंपिक क्वालिफाइंग एशियाई तीरंदाजी में तीरंदाज कम से कम देश के झंडे तले खेल सकें और शर्मिंदगी से बचा जा सके।
यह पहला मौका नहीं है जब खेल संघ पर अंतरराष्ट्रीय संघ की ओर से लगे प्रतिबंध के चलते भारतीय खिलाड़ियों को देश के झंडे तले खेलने से रोका जा रहा है। चार वर्ष पूर्व एक टूर्नामेंट में भारतीय बॉक्सरों को आईबा के झंडे तले खेलना पड़ा था।