विश्व कराटे महासंघ (डब्ल्यूकेएफ) ने पिछले साल चुनाव के दौरान वैश्विक संस्था के नियमों का पालन नहीं करने के कारण भारतीय कराटे संघ (केएआई) की अस्थायी तौर पर मान्यता रद्द कर दी है। डब्ल्यूकेएफ ने कहा कि जांच के बाद यह फैसला किया गया। डब्ल्यूकेएफ ने हालांकि केएआई को मान्यता रद्द करने के खिलाफ 21 दिनों के अंदर अपील करने का विकल्प दिया है।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने इस साल जनवरी में ही उसके संविधान और दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के लिए केएआई की मान्यता रद्द कर दी थी। यह मसला केएआई के जनवरी 2019 में हुए चुनाव से संबंधित है जिसमें आईओए का पर्यवेक्षक नहीं था और आरोप लगाए गए हैं कि यह पूरी प्रक्रिया वैध नहीं थी।
के प्रमुख एंटोनियो एस्पिनोस ने केएआई अध्यक्ष हरिप्रसाद पटनायक को पत्र भेजकर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा है, ‘केएआई की स्थिति की समीक्षा के लिए गठित आयोग की जांच के बाद डब्ल्यूकेएफ कार्यकारी समिति ने उसके नियमों के अनुसार 22 जून से तुरंत प्रभाव से केएआई की मान्यता अस्थायी तौर पर रद्द करने का फैसला किया है।’ विश्व संस्था ने साफ किया है कि वह भारतीय संघ की अंदरूनी कलह से खुश नहीं हैं जिसके कारण पिछले साल जनवरी में नियमों का उल्लंघन करके चुनाव कराए गए।