अमेरिकी टीम को 2008 बीजिंग ओलंपिक और 2012 लंदन ओलंपिक में गोल्ड मेडल दिलाने वाले कोबी ब्रायन एक बेहतरीन खिलाड़ी थे। 1996 में हाईस्कूल से सीधे अमेरिकी की मशहूर बास्केट बॉल लीग एनबीए के लिए ड्राफ्ट किया गया। क्लब लॉस एंजेलिस लेकर्स के अपने 20 साल के करियर में वह 18 साल ऑल स्टार टीम का हिस्सा रहे। लॉस एंजेलिस लेकर्स को पांच बार चैंपियन बनाने वाले ब्रायन 2008 में एनबीए के मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर रहे। समय-समय पर इंजरी उन्हें घेरती रहीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। यहां यह बताना जरूरी हो जाता है कि ऑल स्टार टीम में हर साल वे 7 खिलाड़ी चुने जाते हैं, जो टूर्नामेंट के स्टार परफॉर्मर होते हैं। 2006 में टोरंटो रैप्टर्स के खिलाफ उनके लिए रिकॉर्ड 81 पॉइंट्स स्कोर के लिए उन्हें आज भी याद किया जाता है।
भारतीय समयानुसार 26 जनवरी की देर रात ब्रायंट अपने निजी हेलिकॉप्टर से सफर कर रहे थे। साथ में उनकी 13 साल की बेटी गियाना और सपोर्ट स्टाफ के 7 अन्य लोग थे। वह अपनी बेटी और उसकी टीम को कोचिंग देने के लिए कैलिफोर्निया के थाउसेंड ओक्स स्थित माम्बा स्पोर्ट्स अकादमी जा रहे थे। कैलाबसास में हेलिकॉप्टर अपना संतुलन खोकर नीचे गिर जाता है और तेज धमाके में हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
ब्रायंट ने 2015 में बास्केटबॉल के प्रति अपने प्यार को दर्शाते हुए एक कहानी लिखी, जिसपर बाद में फिल्म भी बनी। नाम रखा गया 'डियर बास्केटबॉल' 2018 में ब्रायन की इस फिल्म को बेस्ट शॉर्ट एनिमेटेड फिल्म का ऑस्कर अवॉर्ड मिला। ब्रायंट के परिवार में उनकी पत्नी वनेसा और तीन बेटियां हैं। कोबी लंबे वक्त से हेलिकॉप्टर से ही चलते थे। अमेरिकी के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने क्रैश हुए हेलिकॉप्टर की पहचान सिकोरस्काइ एस-76 के रूप में की है।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली भी ब्रायंट की मौत से दुखी है, उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा- आज की इस खबर को सुनना बेहद दिल तोड़ने वाला रहा। बचपन की बहुत सारी यादें, जागने की जल्दी और इस जादूगर को कोर्ट पर ऐसी चीजें करते देखना, जो मंत्रमुग्ध करने वाले होते थे। जीवन कितना अप्रत्याशित है.. उनकी बेटी का निधन भी दुर्घटना में हुआ। इससे वाकई में दिल टूट गया है। भगवान आपको शांति दें और परिवार को शक्ति प्रदान करे।
हादसे की खबर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी हैरान है। उन्होंने दुख जताते हुए लिखा, 'बास्केटबॉलर महान कोबी ब्रांयट के हेलिकॉप्टर क्रैश में मौत की खबर आ रही है। यह हैरान करने वाली है।अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, अभिनेता विन डीजल, ड्वेन जॉनसन (रॉक), गायक जस्टिन बीबर के अलावा, प्रियंका चोपड़ा, रणवीर सिंह सहित कई लोगों ने ब्रायंट के निधन पर शोक जताया है।