भारतीय खिलाड़ियों को हर दिन मो फराह जैसे दिग्गज एथलीट के साथ दौड़ने का मौका नहीं मिलता और इसलिए गोविंदन लक्ष्मणन ने कहा कि 5000 मीटर दौड़ में इस स्टार खिलाड़ी के साथ दौड़ना उनकी जिंदगी का सबसे खास अनुभव रहा। लक्ष्मणन ने 13 मिनट 35.69 सेकेंड का समय निकालकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन वह अपनी हीट में 15वें और दोनों हीट में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के बीच कुल 31वें स्थान पर रहे।
लक्ष्मणन ने पीटीआई से कहा, ‘‘मो फराह के साथ दौड़ना सपना सच होने जैसा है। वह मेरे लिये प्रेरणा है। मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। उनके साथ दौड़ना जिंदगी का खास अनुभव है। यह उनकी अंतिम प्रतियोगिता थी और वह इसके बाद फिर नहीं दौड़ेंगे। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी दौड़ पर ध्यान दे रहा था इसलिए मैं नहीं जानता कि वह कैसे दौड़ रहे थे लेकिन उनके साथ दौड़ना अच्छा अहसास था। ’’ लक्ष्मणन के कोच सुरेंद्र सिंह ने खुशी जतायी कि उनका शिष्य ब्रिटेन के इस दिग्गज के साथ दौड़ा और यहां के अनुभव का फायदा उसे अगले साल गोल्ड कोस्ट में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उससे कहा कि लंदन में राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ने का बहुत अच्छा मौका है। कम तापमान असल में लंबी दूरी के धावकों के लिये अच्छा होता है। इसमें मो फराह, कीनियाई, इथोपियाई और अन्य विश्व स्तरीय धावक भाग ले रहे थे। ’’ लक्ष्मणन के कोच चाहते हैं कि वह गोल्ड कोस्ट में बहादुर प्रसाद के 13 मिनट 29.70 सेकेंड के 25 साल पुराने रिकार्ड को तोड़े।
वर्तमान में 10,000 मीटर के राष्ट्रीय रिकार्ड धारक सुरेंद्र ने कहा, ‘‘आप इस तरह की परिस्थितयों में ही अपने समय में सुधार कर सकते हो जबकि प्रतिस्पर्धा कड़ी हो। वह यहां चूक गया लेकिन वह ऐसा करेगा। मुझे लगता है कि वह अगले साल आस्ट्रेलिया (राष्ट्रमंडल खेल) में राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ सकता है। आस्ट्रेलिया में परिस्थितयां भी अनुकूल रहेंगी। ’’