पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद को टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट के पहले दौर में रूसी ग्रैंडमास्टर व्लादिस्लाव आर्टेमिएव ने ड्रॉ पर रोक दिया। 18वीं बार इस टूर्नामेंट में शिरकत कर रहे आनंद और आर्टेमिएव 31 चालों के बाद ड्रॉ पर सहमत हुए। मौजूदा विश्व चैंपियन नार्वे के मैग्नस कार्लसन को भी अपने चिर प्रतिद्वंद्वी नीदरलैंड के अनीश गिरी से ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। कार्लसन ने अब तक विज्क आन जी में गिरी के खिलाफ आठ भिड़ंत में कोई जीत हासिल नहीं की है। पहली बार इस टूर्नामेंट में खेल रहे ईरान के फिरोजा अलीरेजा ने व्लादिस्लाव कोवालेव को हराकर पूरे अंक जुटाए। वहीं चैलेंजर्स वर्ग में ग्रैंडमास्टर सूर्य शेखर गांगुली ने नीदरलैंड के मैक्स वारमेर्डम पर शानदार जीत दर्ज की।