फिलीपींस में रविवार की रात भारत के शीर्ष तीन शतरंज खिलाड़ियों पर कुछ स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। यह घटना उनके साथ वहां के मकाती शहर में हुई। दरअसल, एशियन कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट में ये तीनों खिलाड़ी अपने होटल से करीब 250 मीटर की दूरी पर पीने का पानी खरीदने के लिए निकले थे।
तभी हमलावरों ने उनपर हमला कर दिया। इन तीन खिलाड़ियों में विदित गुजराती, अभिजीत कुंटे और ललित बाबू शामिल थे, जिन पर हमला हुआ। वहीं, इस घटना की जानकारी विदित गुजराती ने अपने फेसबुक पर पोस्ट के जरिए दी।
बता दें कि विदित ने लिखा, 'हम तीनों पानी खरीदने के लिए होटल से बाहर निकले लेकिन तब ही यह घटना हुई, जिसके बारे में सोचा नहीं था। हमने भागने की कोशिश की, लेकिन हमारा पीछा किया गया। हम मुश्किल से बच पाए। अब इस घटना को भूलने की कोशिश कर रहे हैं।'
साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि वहां के स्थानीय लोगों ने इस घटना को गंभीर रूप से नहीं लिया। हालांकि, विदित ने बाद में एक वेबसाइट को बताया कि पुलिस को यह जानकारी नहीं थी कि इस तरह का कोई टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है, जिसकी वजह से वह सुरक्षा मुहैया करा सकते। इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि होटल रूम में न वाई-फाई सुविधा थी और खाना भी बहुत खराब था।
हालांकि, अब ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (एआईसीएफ) ने इन तीनों खिलाड़ियों के साथ खड़े होने की बात कही। फेडरेशन के सचिव भारत सिंह चौहान ने इस मामले की जानकारी पहले मनीला में भारतीय दूतावास को दी। उन्हें वहां से सकारात्मक जवाब मिला। उन्होंने एशियन चेस फेडरेशन के अध्यक्ष और सचिव को भी इस बारे में लिखा है।
बता दें कि विदित भारत के वो युवा खिलाड़ियों में शुमार हैं, जिन्होंने 2700 रेटिंग पार करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय होने का गौरव अपने नाम किया था। तभी से लोग इनकी तुलना विश्व चैंपियन आनंद से करने लगे थे। फैंस का ये कहना था कि विदित भी कभी न कभी आनंद की तरह विश्व चैम्पियन बनेगा।