जापान के एक वायरस विशेषज्ञ ने चेतावनी दी है कि वह इस बात को लेकर आशावान नहीं हैं कि इस साल स्थगित किए टोक्यो ओलंपिक अगले साल भी हो सकेंगे। पहले इसी विशेषज्ञ ने इस बात को लेकर जापान सरकार की आलोचना की थी उसने कोविड-19 महामारी से रोकथाम के लिए समुचित उपाय नहीं किए।
कोबे विश्वविद्यालय के संक्रामक रोगों के विशेषज्ञ प्रोफेसर केनतारो इवाता ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ओलंपिक के अगले साल भी होने की संभावना है। पिछले माह जापान और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों को अगले साल जुलाई तक स्थगित कर दिया।
इवाता ने कहा कि ओलंपिक के लिए जरूरी है कि जापान और दुनिया भर में इस महामारी पर रोक लगे। हम तो दुनिया भर से एथलीटों और दर्शकों को अपने यहां आने का निमंत्रण देंगे। हो सकता है कि जापान इस महामारी पर गर्मियों तक नियंत्रण पा ले, मैं यह कामना भी करता हूं लेकिन मुझे नहीं लगता कि दुनियाभर में ऐसा हो पाएगा। ऐसे में अगली गर्मियों में ओलंपिक के आयोजन को लेकर मैं बहुत निराशावादी हूं।