वाल्टेरी बोटास ने टीम के साथी लुईस हैमिल्टन (तीसरे स्थान) और सबेस्टियन वीटल (दूसरे स्थान) को पछाड़कर जापानी ग्रां प्रि फॉर्मूला वन रेस की ट्रॉफी जीत ली। यह बोटास की इस सत्र की तीसरी और करिअर की छठी जीत है। इस जीत के साथ ही मर्सिडीज ने लगातार छठे साल फॉर्मूला वन कंस्ट्रक्टर्स चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया।
मर्सिडीज ने दिग्गज माइकल शुमाकर और फेरारी के 1999 से 2004 तक लगातार छह बार चैंपियनशिप जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी की। बोटास और हैमिल्टन के बीच अब सिर्फ 64 अंकों का अंतर रह गया है। छठी बार विश्व चैंपियन बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैमिल्टन 338 अंकों के साथ पहले और बोटास 274 दूसरे नंबर पर हैं।