यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप की जगह सर्बिया के बेलग्रेड में व्यक्तिगत विश्व कप कराने का फैसला लिया है। इसकी तारीख जल्द तय होगी। इसमें जीतने वाले पहलवानों को पदक नहीं दिए जाएंगे। जीत पर अंक तय होंगे और टीम अंक के आधार पर पदक तय करके दिया जाएगा।
दुनिया की शीर्ष आठ टीमें लेंगी हिस्सा, पदक नहीं अंकों के आधार पर होगा विजेता का फैसला
इसमें सभी पहलवानों के प्रदर्शन के आधार पर पदक तय होने से मुकाबला कड़ा हो जाएगा। साथ ही विजेता टीमों को करीब 2.43 करोड़ की नकद इनामी राशि भी मिलेगी। भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव विनोद तोमर ने इसकी पुष्टि की है। कोरोना के कारण फरवरी 2020 के बाद कोई अंतरराष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप नहीं हुई है।
30 भार वर्गों में होंगे मुकाबले
इसमें ग्रीको रोमन, फ्री स्टाइल व महिला वर्ग के सभी 30 भार वर्ग को शामिल किया जाएगा। इनकी आठ टीमें बनाई जाएंगी जिसमें दस-दस पहलवान होंगे। उस टीम में शामिल सभी पहलवानों को जीतने पर अंक दिए जाएंगे। उसकेबाद पूरी टीम के अंकों के आधार पर टीम को विजेता घोषित किया जाएगा। हर टीम के 70 प्रतिशत खिलाड़ियों का मैट पर उतरना जरूरी होगा।