यू मुंबा ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सात में गुजरात फॉर्च्यूनजाइंटस को 32-20 से पराजित कर तालिका में शीर्ष पर कब्जा कर लिया। मुंबा की यह छह मैचों में तीसरी जीत है और उसके 17 अंक हो गए हैं। गुजरात की यह चार मैचों में पहली हार है और वह 15 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।
तेलुगु टाइटंस और यूपी योद्धा के बीच मुकाबला 20-20 से ‘टाई’ छूटा। जब मैच खत्म होने में सिर्फ 30 सेकंड का समय बचा था तब दोनों टीमें 19-19 से बराबरी पर थी। तेलुगु के स्टार राइडर सिद्धार्थ देसाई अंतिम रेड पर गए। यूपी के खिलाड़ी सुमित को उन्होंने आउट करके एक अंक बनाया। इस अंक से तेलुगु की टीम ने मैच 20-19 से लगभग जीत लिया था लेकिन अंतिम सीटी बजने से पहले ही देसाई के साथी मैट पर पहुंच गए। मैच अधिकारियों ने इसके लिए यूपी योद्धा को एक तकनीकी अंक दे दिया और मैच आखिर में ‘टाई’ समाप्त हुआ। यूपी आठ अंकों के साथ आठवें और टाइटंस पांच अंकों के साथ दसवें नंबर पर है। टाइटंस को अपनी पहली जीत की तलाश है।