टोक्यो ओलंपिक 2020 आयोजन समिति के अध्यक्ष सेइको हाशिमोतो ने उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया, जिनमें कहा गया था कि टोक्यो ओलंपिक में विदेशी दर्शकों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला हो चुका है। हाशिमोतो ने कहा कि मामले पर बातचीत चल रही है और अंतिम फैसला 25 मार्च को ओलंपिक मशाल रिले शुरू होने से पहले लिया जाएगा।
हाशिमोतो ने हालांकि कहा, 'ऐसी खबरें हैं कि टोक्यो ओलंपिक से विदेशी प्रशंसकों को बाहर रखने का फैसला हो चुका है। पिछले सप्ताह पांच पक्षों से बातचीत हुई है लेकिन कोई फैसला नहीं लिया गया है।' बता दें कि जापान में कई सप्ताह से अज्ञात सूत्रों के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि विदेशी प्रशंसकों को टोक्यो ओलंपिक से दूर रखने का फैसला हो चुका है। बता दें कि ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे।
विदेशी दर्शकों पर प्रतिबंध लगाने के नकारात्मक परिणाम हो सकते हैं
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के कई सदस्यों ने गुरुवार को टोक्यो ओलंपिक के आयोजकों को याद दिलाया कि खेलों में विदेशी दर्शकों पर प्रतिबंध लगाने के नकारात्मक परिणाम हो सकते हैं।आईओसी के सदस्य स्पायरोस कापरालोस ने कहा, 'हमें उन लोगों के लिए कोई रास्ता निकालना चाहिए, जिन्होंने हवाई टिकट और होटल बुक करा लिए हैं और खेलों के टिकट भी खरीद लिए हैं।' उन्होंने आयोजन समिति के अध्यक्ष सेइको हाशिमोतो और सीईओ तोशिरो मुतो के प्रेजेंटेशन के बाद वर्चुअल बैठक में कहा, यह भी नहीं भूलना चाहिए कि इनमें से कई खिलाड़ियों के रिश्तेदार हैं।'