भारत की महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा का ओलंपिक का शानदार सफर जारी है। मनिका ने टोक्यो ओलंपिक के तीसरे दिन रविवार को दूसरे दौर का मुकाबला जीत लिया। उन्होंने यूक्रेन की खिलाड़ी पेसोत्सका मारग्रेटा को एक कड़े मुकाबले में 4-3 (4-11, 4-11, 11-7, 12-10, 8-11, 11-5 और 11-7) से हराया। हालांकि बत्रा के लिए यह जीत इतनी आसान नहीं थी। मैच की शुरुआत में वह दो सेट गंवाकर 2-0 से पीछे चल रही थीं। लेकिन इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी की और अपने शानदार खेल से मारग्रेटा को चारों खाने चित कर दिया। अब तीसरे दौर में उनका मुकाबला सोमवार को ऑस्ट्रिया की सोफिया पोलकानोवा से होगा।