'खेलों के महाकुंभ' टोक्यो में शनिवार को कोरोना के 21 नए मामले सामने आए। मगर इसमें कोई एथलीट शामिल नहीं हैं। इस बात की जानकारी आयोजकों ने दी। इन नए मामलों में 14 ठेकेदार और सात खेलों से संबंधित अधिकारी हैं। इसमें 16 जापान के निवासी और पांच विदेश से आए लोग हैं। आयोजन समिति ने कहा कि इनमें से कोई भी ओलंपिक गांव में नहीं रह रहा है। इसके साथ ही अब खेलों में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 241 हो गई है। ओलंपिक शुरू होने के बाद से शहर में दिन ब दिन संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को आयोजकों ने ओलंपिक से जुड़े हुए 27 नए कोविड-19 मामलों की घोषणा की थी, जिसमें तीन खिलाड़ी शामिल थे। आयोजकों ने कहा कि जापान में खेलों में हिस्सा लेने के लिए गुरुवार तक विदेशों से 40,558 लोग पहुंचे हैं।