स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, सर्बिया की नौकायन टीम के कोरोना संक्रमित पाए गए खिलाड़ी को टोक्यो के हानेदा एयरपोर्ट पर पृथकवास में भेज दिया गया है, इसके अलावा चार और खिलाड़ी जो उसके साथ यात्रा कर रहे थे उन्हें भी एयरपोर्ट के करीब अलग कर दिया गया। उनका मध्य जापान के नांटो में एक प्रशिक्षण शिविर में जाने का कार्यक्रम था। नांटो अधिकारियों के मुताबिक अब इस प्रशिक्षण शिविर के रद्द होने की संभावना है।
यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब बीते महीने युगांडा ओलंपिक प्रतिनिधि मंडल के 2 सदस्य टोक्यो के करीब नारिता एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। लेकिन इन प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों के अलावा बाकी टीम को अभ्यास करने की अनुमति दे दी गई थी।
ओलंपिक आयोजन कमेटी के अध्यक्ष सेको हाशिमोतो ने बीते शुक्रवार को कहा था कि 500 से अधिक प्रतिभागी बिना किसी घटना के टोक्यो पहुंचे थे, उन्होंने आगे कहा कि करीब ग्यारह हजार ओलंपिक और 44 सौ पैरालंपिक एथलीट ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने जापान आएंगे। इसके अलावा हजारों कोच, जज और ओलंपिक अधिकारी भी शामिल होंगे।
ओलंपिक आयोजनकर्ताओं ने अभी तक स्थानीय दर्शकों को खेलों के दौरान मैदान में जाने की अनुमति नहीं दी है। जबकि विदेशी दर्शकों के प्रवेश पर बीते महीने ही प्रतिबंध लगा दिया गया था। करीब 2 सप्ताह पहले आयोजनकर्ताओं ने कहा था कि वे 10 हजार क्षमता वाले इंडोर और आउटडोर स्थानों को 50 फीसदी दर्शकों की उपस्थिति को अनुमति देंगे। लेकिन बीते कुछ दिनों से टोक्यो में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि स्थानीय आयोजनकर्ता अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति और दूसरे सदस्यों से मिलकर दर्शकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश करगें।