भारतीय गोल्फर शिव कपूर आखिरी नौ होल में शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंचने के बाद थाईलैंड ओपन में प्लेऑफ के बाद संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। कपूर ने आखिरी नौ होल में पांच बर्डी, एक ईगल और एक बोगी की जिससे कुल 11 अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए। तीसरे दौर के बाद संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर रहे कपूर ने चौथे दौर में 65 का कार्ड खेला जिससे वह जान काटलिन और थाईलैंड के पावित तांगकामोलप्रसेर्ट के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए।
इसके बाद विजेता का फैसला प्लेऑफ से हुआ जिसमें काटलिन तीन शॉट में होल में गेंद डालने में सफल रहे जबकि बाकी दोनों खिलाड़ियों ने इसके लिए लिए चार शॉट लिए। एसएसपी चौरसिया चौथे दौर में एक ओवर 72 का कार्ड खेलकर कुल 275 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर खिसक गए। अजितेश संधू (69) संयुक्त रूप से 11वें, ज्योति रंधावा (68) संयुक्त 14वें , विराज मदाप्पा (69) संयुक्त 21वें, आदिल बेदी (67) संयुक्त 48वें और एस चिक्कारंगप्पा (72) संयुक्त 69वें स्थान पर रहे।