जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों में पदक के दावेदार राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तेजस्विन शंकर गर्दन में खिंचाव के कारण स्पर्धा से बाहर हो गए हैं। दिल्ली के 19 वर्षीय एथलीट ने इस बाबत भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) को सूचित कर दिया है।
एएफआई के महासचिव सी के वाल्सन ने बताया कि उन्होंने हमें ई-मेल के जरिए जानकारी दी है कि वह गर्दन में खिंचाव के कारण एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। ऊंची कूद में गर्दन की बड़ी भूमिका होती है। वह पदक के दावेदारों में थे। उनके हटने से झटका लगा है।
पिछले एशियाई खेलों में कांस्य पदक विजेता तेजस्विन ने मार्च में फेडरेशन कप में 2.28 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इससे पहले 2.26 का रिकॉर्ड भी उनके ही नाम था।