पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने टाटा स्टील मास्टर्स के नौवें दौर में रूस के दानिल दुबोव से ड्रॉ खेला। आनंद सफेद मोहरों से खेलते हुए ज्यादा कुछ कर नहीं सके। अब वह 4.5 अंक लेकर दसवें नंबर पर है।
शीर्ष रैंकिंग प्राप्त नार्वे के मैग्नस कार्लसन ने ईरान के अलीरजा फिरोजा को हराया। अमेरिका के फैबियानो कारूआना नौ में से छह अंक लेकर शीर्ष पर हैं। उन्होंने रूस के निकिता वितुइगोव के साथ ड्रॉ खेला।
आठवीं बार यहां खिताब जीतने के मकसद से उतरे कार्लसन संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। चैलेंजर वर्ग में सूर्य शेखर गांगुली चौथे स्थान पर हैं जिन्हें जर्मनी के विंसेंट केमेर ने ड्रॉ पर रोका। उन्हें टूर्नामेंट जीतने और अगले साल मास्टर्स के लिए क्वालिफाई करने के लिए बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।