भारत को मौजूदा यूथ ओलंपिक खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में पहला पदक दिलाने वाले उत्तराखंड के सूरज पवार का अगला लक्ष्य अपने समय में सुधार करना है। पवार ने कहा कि यह शानदार अहसास है। मुझे बहुत खुशी है कि मैं पदक जीतने में सफल रहा। मैंने खेलों के लिए कड़ी मेहनत की थी। यह भारत के लिए मेरा पहला पदक है। मेरा अगला लक्ष्य अपने समय में सुधार करना और सीनियर स्तर पर भी पदक जीतना है।
17 वर्षीय सूरज ने सोमवार देर रात 5000 मीटर पैदल चाल में रजत पदक जीता। सूरज चरण दो में 20:35.87 सेकंड के समय के साथ पहले स्थान पर रहे। वह पहले चरण में 20:23.30 सेकंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रहे थे। इस तरह उन्होंने कुल 40:59.17 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक जीता। इक्वाडोर के पाटिन ऑस्कर (कुल 40:51.86 सेकंड) ने स्वर्ण पदक जीता।
कांस्य पदक प्यूटो रिको के मोरियूजान (कुल 41:59.29 सेकंड) ने जीता। टिहरी के मूल निवासी सूरज पिछले ढाई साल से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून की एक्सिलेंसी विंग में रहकर कोच अनूप बिष्ट की देखरेख में ट्रेनिंग कर रहे थे।
क्रास कंट्री को छोड़कर किसी स्पर्धा का फाइनल नहीं : नए प्रारूप के अनुसार यूथ ओलंपिक में ट्रैक एवं फील्ड (चार किमी क्रास कंट्री को छोड़कर) में फाइनल नहीं होगा। प्रत्येक स्पर्धा दो बार आयोजित की जाएगी और दोनों दौर के परिणाम मिलाकर अंतिम सूची तैयार होगी।
तीसरा पदक : यह इन खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में भारत का कुल तीसरा पदक है। इससे पहले अर्जुन (चक्का फेंक) और दुर्गेश कुमार (400 मीटर बाधा दौड़) ने 2010 में रजत पदक जीते थे।