भारत की महिला मुक्केबाज ज्योति गूलिया (51 किलो) ने 72वें स्ट्रांजा मेमोरियल मुक्केबाजी टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर किया है। बुल्गारिया के सोफिया में चल रहे टूर्नामेंट में उन्होंने दो बार की विश्व चैंपियन कजाखस्तान की नाजिम काइजेबी को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
विश्व युवा चैंपियन 2017 में गूलिया ने 2014 और 2016 की सीनियर विश्व चैंपियनशिप विजेता काइजेबी को 3-2 से मात दी। हरियाणा की यह मुक्केबाज 2019 की राष्ट्रीय चैंपियन भी हैं। अब उनका सामना रोमानिया की पेरिजोक लाकरामियोआरा से होगा।
उधर पुरूष वर्ग में नवीन कुमार (91 किलो) फ्रांस के विलफ्राइड फ्लोरेंटिन से 5-0 से हार गए जबकि अंकित खताना (75 किलो) को बेलारूस के विक्टर डी ने 3-2 से हराया। लाइट हैवीवेट (81 किलो) में सचिन कुमार को आर्मेनिया के गोर एन ने 5-0 से मात दी।
बता दें कि टूर्नामेंट में 30 देशों के मुक्केबाज भाग ले रहे हैं। भारत ने अपनी 12 सदस्यीय टीम भेजी है।